सादात : मंजुई मरदापुर के कंपोजिट स्कूल की छात्रा, शिक्षिका व हेडमास्टर को विश्व महिला दिवस पर राजधानी में किया गया सम्मानित

सादात। क्षेत्र के मंजुई मरदापुर स्थित कंपोजिट विद्यालय की छात्रा सहित प्रधानाध्यापक व शिक्षिका को विश्व महिला दिवस के मौके पर राजधानी में सम्मानित किया गया। विश्व महिला दिवस के मौके पर लखनऊ में ’प्रगति 2026 आत्मसम्मान से समानता तक’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। प्रधानाध्यापक रामअवध सिंह यादव ने बताया कि इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए हमारे स्कूल को मंडल स्तर पर चुना गया था। जिसमें मेरे साथ ही कक्षा 7 की छात्रा निधि यादव व सहायक अध्यापिका सावित्री यादव को कार्यक्रम में शामिल होना था। कार्यक्रम का शुभारंभ बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने किया। इस दौरान प्रदेश के सभी मंडलों के बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों से छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। इस दौरान प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। सादात के खंड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव के सक्रिय नेतृत्व को सभी ने सफलता का श्रेय दिया।

