गाजीपुर : अधिकारियों संग राज्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक, शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के पात्रों को दिलाने का दिया सख्त निर्देश

गाजीपुर। जिले के पीडब्ल्यूडी के अतिथि गृह में रविवार को ग्राम्य विकास विभाग एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम का आगमन हुआ। आने के बाद उन्होंने अधिकारियों संग बैठक कर सरकार की विभिन्न लाभपरक योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान राज्य मंत्री ने जर्जर भवनों की शिकायत मिलने पर क्षेत्रीय ग्रामीण विकास संस्थान के प्रधानाचार्य को तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मनरेगा के तहत समूह की महिलाओं को रोजगार देने व वीबी जी राम जी के योजना के तहत रोजगार देने का निर्देश दिया। कहा कि इस दौरान ठेकेदार से कार्य न लिया जाए, इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाए। अगर ऐसा हुआ तो या किसी तरह की शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी बीडीओ को निर्देशित कर कहा कि अपने-अपने विकास खण्डों में जन चौपाल के माध्यम से समाज के निचले पायदान के लोगों को सरकार की लाभपरक योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार का भेदभाव न किया जाय। कहा कि कोई भी पात्र सरकार की योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने गांव में बने अमृत सरोवरों पर फलदार वृक्षों के पौधे लगवाने का निर्देश दिया, ताकि आने वाले पीढ़ियों को इनका लाभ मिले। इसके बाद गांव में जल जीवन मिशन के तहत खोदी गयी सड़कों को सही कराने का निर्देश दिया। कहा कि स्वयं सहायता समूह को स्वावलम्बी बनाया जाए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द सरोज, डीसी मनरेगा आदि रहे।

