गाजीपुर : ईरान पर हमले के बीच पेट्रो उत्पादों के दाम बढ़ने की अफवाह फैला रहे अराजक तत्व, जिला पूर्ति अधिकारी ने दिया सख्त निर्देश

गाजीपुर। ईरान पर इजराईल व अमेरिका के हमले के बाद सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पेट्रोल व डीजल के दामों में तेजी से बढ़ोत्तरी की अफवाह काफी तेजी से फैल रही है। जिसके चलते हर तरफ पेट्रोल व डीलज के लिए फिलिंग स्टेशनों पर अनावश्यक भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। लोग अफवाहों का शिकार होकर डर के मारे अनावश्यक रूप से जरकिन, गैलन व ड्रमों में पेट्रोल व डीजल भरवाकर स्टॉक कर रहे हैं। यहां तक कि कुछ लोग गैस एजेंसियों से गैस सिलेण्डर लेकर स्टॉक कर रहे हैं। इस बाबत जिला पूर्ति अधिकारी अनंत कुमार सिंह ने बताया कि कई जगहों पर ये भी शिकायत मिल रही है कि छोटे बाजारों में अनाधिकृत रूप से निजी तौर पर कुछ लोगों द्वारा अधिक मूल्य पर कालाबाजारी करने के उद्देश्य से पेट्रोल एवं डीजल को स्टॉक किया जा रहा है और खुले बाजार में काफी अधिक मूल्य पर बेचने का प्रयास भी किया जा रहा है। डीएसओ ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा ऑयल मार्केटिंग कंपनियों से निरन्तर रूप से समन्वय स्थापित कर सुचारू रूप से पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेण्डर की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है। वर्तमान परिस्थिति में जिले के सभी पेट्रोल पंपों व गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में डीजल, पेट्रोल एवं घरेलू गैस सिलेण्डर उपलब्ध हैं। बताया कि तेज कंपनियों द्वारा बताया गया है कि डीजल, पेट्रोल एवं घरेलू गैस सिलेण्डर की मांग एवं आपूर्ति में कोई व्यवधान या रूकावट नहीं है। साथ ही डीजल-पेट्रोल का मूल्य बढ़ने सम्बन्धी कोई भी अधिकारिक सूचना भी प्राप्त नहीं है। उन्होंने जिले के समस्त पेट्रोल पंप व गैस एजेन्सी संचालकों को निर्देशित किया है कि नियमानुसार पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस की आपूर्ति कराना सुनिश्चित करें। साथ ही ये अवश्य ध्यान रखें कि कोई भी गैस एजेन्सी, पेट्रोल पम्प, घरेलू गैस, पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति को अकारण न रोकें और न ही कहीं पर अवैध भण्डारण हो। किसी भी व्यक्ति को थोक में पेट्रोल, डीजल की आपूर्ति न करने का भी निर्देश दिया है। कहा कि घरेलू गैस की आपूर्ति नियमानुसार सम्बन्धित ग्राहक को ही करें। इसके अलावा सभी विक्रय अधिकारियों को डीजल, पेट्रोल एवं घरेलू गैस सिलेण्डर की आपूर्ति पर पैनी नजर रखते हुए व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है। कहा कि सम्बन्धित पूर्ति निरीक्षक, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी निरन्तर रूप से क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे और यदि कहीं पर इस बात का पता चलता है कि किसी व्यक्ति या फर्म द्वारा डीजल, पेट्रोल एवं घरेलू गैस सिलेण्डर का अवैध भण्डारण किया गया है या अवैध रूप से बिक्री की जा रही है तो सम्बन्धित के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही करें।

