जमानियां: लड़ाई-झगड़ा इंसानों का नहीं बल्कि हैवानों का काम है, शाकाहार अपनाकर छोड़े नशे की वृत्ति - पंकज महाराज





जमानियां। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था प्रमुख पंकज महाराज की चल रही 83 दिवसीय शाकाहार, सदाचार, मद्यनिषेध आध्यात्मिक जनजागरण यात्रा का 74वां पड़ाव जमानियां के फुल्ली में हुआ। जहां मंगलवार को सत्संग करते हुए संत पंकज महाराज ने कहा कि सत्संग में किसी धर्म, मजहब, जाति या व्यक्ति विशेष की कोई निन्दा नहीं की जाती। सत्संग में मालिक से मिलने का प्रेम व प्यार पैदा किया जाता है। कहा कि सत्संग कोई किस्सा, कहानी या कथा वार्ता नहीं है बल्कि इससे प्रभु प्राप्ति का रास्ता मिलता है। कहा कि लड़ाई झगड़ा करना इन्सानों का नहीं बल्कि हैवानों का काम है और ये अज्ञानता की निशानी हैं। इनसे नफरत के सिवाय और कुछ नहीं मिलता। उन्होंने देश में मांसाहार और नशाखोरी की बढ़ती प्रवृत्ति पर गहरी चिन्ता व्यक्त करते हुए सभी वर्ग, धर्म, जाति के लोगों से शाकाहार अपनाने और बुद्धिनाशक नशों के सेवन से परहेज करने की अपील की। कहा कि चरित्र मानव धर्म की सबसे बड़ी पूंजी है। अच्छे संस्कार की शिक्षा और चरित्र उत्थान पर उन्होंने जोर देते हुए मानव-धर्म, मानव-कर्म, मानवीय प्रेम, सत्य, दया, करुणा, उदारता, परोपकार, मानव सेवा जैसे मानवीय गुणों को विकसित करने की अपील की। इस मौके पर जंगबहादुर सिंह यादव, नरेंद्र सिंह चौहान, रामप्रकाश यादव, लल्लन चौहान, अंगद यादव, उदय नारायण यादव, घूरन प्रसाद आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< मुहम्मदाबाद: गंगा की कटान में मकान विलीन होने के बाद किराए के घर पर जा रहे अधेड़ को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
सैदपुर: 19 फरवरी को सैदपुर आएंगे सपा के प्रदेश अध्यक्ष, सपा नेता के गहना कोठी प्रतिष्ठान के उद्घाटन में होंगे शामिल >>