सैदपुर: भीमापार से गायब बालक की औड़िहार में मिली साइकिल व डेढ़ हजार किमी दूर सिलवासा में मिला बालक, परिजन खुश





सैदपुर। थानाक्षेत्र के राजापुर उर्फ रामचरनपुर गांव निवासी बालक के लापता होने के बाद बालक दादरा नगर हवेली के सिलवासा में सकुशल बरामद हो गया। पुलिस ने बताया कि उसका अपहरण नहीं हुआ था बल्कि वो खुद ही चला गया था। बालक के बरामद होने के बाद पुलिस सहित परिजनों ने भी राहत की सांस ली। राजापुर निवासी महज 11 वर्ष का बालक लकी कन्नौजिया पुत्र चंदन कन्नौजिया रविवार की अपराह्न मां नेहा देवी से कहकर साइकिल से निकला कि अभी आ रहा है लेकिन घंटों बाद भी वो नहीं आया। काफी देर तक जब वो नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश की तो वो भीमापार में लगे सीसीटीवी कैमरे में जाता दिखा। इसके बाद किसी तरह पता चला कि उसकी साइकिल औड़िहार जंक्शन के बाहर खड़ी है। परिजन वहां पहुंचे तो आशंका हुई कि कहीं वो किसी ट्रेन से तो नहीं चला गया। जिसके बाद परिजन उसकी तलाश में निकल गए और पुलिस भी तलाश में जुट गई। इस बीच किसी तरह से परिजनों को पता चला कि बालक सिलवासा में है। जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस का कहना है कि पता चलने के बाद संभवतः किसी रिश्तेदार ने बालक को सुरक्षित रखा है। उन्होंने अपहरण की आशंका से इंकार किया। बता दें कि तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने अपहरण की धाराओं में ही मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। अब मिलने के बाद परिजन बेहद खुश हैं, वहीं पुलिस भी चैन की सांस ले रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< रेवतीपुर: खेत में काम कर रहे किसान के खाते से कुछ इस तरह से ठगों ने गायब कर दिए 1.30 लाख रूपए
जखनियां: जनता दरबार में शिकायतें सुन रहे एसडीएम के सामने पहुंचकर होहल्ला करने लगा नशे में धुत मनबढ़, पहुंचा थाने >>