मरदह: मेडिकल कॉलेज की छत से संदिग्ध हाल में गिरकर बी. फॉर्मा प्रशिक्षु की मौत, मचा कोहराम, चर्चाएं व्याप्त

मरदह। थानाक्षेत्र के महेंगवां स्थित मां सरस्वती पैरा मेडिकल कालेज की छत से गिरकर छात्र की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। बिरनो के रूहीपुर निवासी 25 वर्षीय विपुल यादव पुत्र जयप्रकाश यादव कॉलेज में बी फॉर्मा का छात्र है। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि विपुल कॉलेज की छत पर जाकर मोबाइल से किसी से बात कर रहा था, तभी उसका पैर फिसला और वो सीधे नीचे आ गिरा। जिससे उसके सिर व पैर में गंभीर चोट लगी। घटना के बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया। इसके बाद उसे फौरन मऊ ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं कॉलेज की छत से बात करने के दौरान गिरने की घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। मृतक 2 भाईयों में बड़ा था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

