सादात: 5 दिनों से गायब मजदूर का नगर पंचायत पोखरे में मिला खराब हो चुका शव, परिजनों में मचा कोहराम





सादात। नगर के वार्ड 7 निवासी बीते 5 दिनों से गायब युवक का शव छठवें दिन नगर में ही एक पोखरे में बरामद हुआ। जिसके बाद सनसनी फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नगर के वार्ड 7 निवासी प्रदीप मद्धेशिया काकू पुत्र जवाहिर मद्धेशिया 6 भाईयों में दूसरे नंबर पर था। वो मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि बीते 12 फरवरी की शाम को उसने कुछ ही देर में आने का कहकर अपनी पत्नी लक्ष्मी से खाना बनाकर रखने को कहा और निकल गया। लेकिन कुछ देर तो दूर, देररात तक जब वो नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। काफी तलाश के बावजूद उसका कहीं पता नहीं चल सका। शुक्रवार को भी पूरे दिन तलाश की गई लेकिन वो नहीं मिला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। जिसके बाद उन्होंने थाने में तहरीर दी। उसके बाद से परिजन व पुलिस दोनों उसकी तलाश करने लगे लेकिन वो नहीं मिला। इस बीच मंगलवार की सुबह नगर के कुछ लोग नगर पंचायत पोखरा की तरफ गए तो वहां कुछ दुर्गंध आई। नजदीक जाकर देखा तो पानी में एक शव उतराया था। जिसके बाद सभी ने शोर मचाया तो वहां भीड़ जुट गई। इसके बाद सूचना पाकर उप निरीक्षक अनिरुद्ध द्विवेदी और सुरेंद्र मिश्रा मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई तो वो काकू का शव निकला। कई दिनों से पानी में होने के चलते शव फू गया था। इधर शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। मृतक अपने पीछे मां ईसरावती देवी सहित पत्नी लक्ष्मी देवी, पुत्र महादेव, सन्नी, बजरंगी व पुत्रियां गौरी, राधा आदि को छोड़ गया है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< नंदगंज: क्षेत्र में चोरियां करने वाला शातिर चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, मोनोब्लॉक मोटर बरामद, नाबालिग चोर भी धराया
भीमापार: एक्सपोजर विजिट पर मऊ पहुंचे परिषदीय विद्यालयों के 100 बच्चे, कृषि वैज्ञानिकों से मिलकर जानीं बारीकियां >>