बलुआ: अपने सपनों का मकान बनवाने के लिए छत ढलवा रहे अधेड़ पर ही गिर गई कच्ची छत, दबकर दर्दनाक मौत

बलुआ/सैदपुर। चंदौली के बलुआ थानाक्षेत्र के नैढ़ी गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां अपने मकान की छत ढलवाने के दौरान अधेड़ पर अधबनी छत गिर गई, जिसमें दबकर उनकी मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। नैढ़ी निवासी 45 वर्षीय हकमुल्ला शाह पुत्र स्व. अतवारू शाह दूसरे के खेतों में बंटाई पर खेती कर किसी तरह से परिवार का भरण पोषण करते थे। अपने परिवार को एक पक्की व अच्छी छत देने की चाह में वो किसी तरह से अपने घर की छत पर ढलाई करा रहे थे। मंगलवार को छत की ढलाई चल रही थी और वो नीचे खड़े होकर देख रहे थे, उसी समय नीचे लगी बल्ली खिसक गई और अधबने छत ढालने के लिए फेंका गया पूरा मसाला नीचे खड़े हकमुल्ला पर गिरा। ये देख आसपास के लोग शोर मचाते हुए दौड़े और करीब 15 मिनट तक के प्रयास के बाद उन्हें किसी तरह से बाहर निकाला तो उनकी हालत बिगड़ चुकी थी। जिसके बाद परिजन उन्हें लेकर सैदपुर सीएचसी आए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जिसके बाद परिजन शव लेकर घर चले गए। मृतक अपने पीछे 3 पुत्र व एक पुत्री छोड़ गए हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

