जखनियां : पड़ोसी जिले के एसडीएम पर कंबल वितरण में धांधली का आरोप लगा शिकायत करने गोरखपुर गए जखनियां के दिव्यांगजन

जखनियां। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सर्व समाज विकास एवं जनकल्याण समिति का प्रतिनिधिमंडल जुटा और पड़ोसी जिले के एसडीएम की शिकायत मुख्यमंत्री से करने के लिए नारेबाजी करते हुए गोरखपुर के लिए रवाना हुआ। टीम का नेतृत्व करते हुए अध्यक्ष कमलेश राम ने आरोप लगाया कि आजमगढ़ के मेंहनगर तहसील के एसडीएम द्वारा दिव्यांगों में कंबल वितरण कार्य में धांधली करने के साथ उन्हें शासन की योजनाएं नहीं दी गई। कहा कि दिव्यांगों को सर्दियों से निजात दिलाने को शासन द्वारा कंबल भेजे गए थे। जिसके वितरण में जमकर धांधली की गई है। जिसके चलते हम उनकी शिकायत मुख्यमंत्री योगी से करने के लिए गोरखपुर जा रहे हैं। इस दौरान वहां मौजूद दिव्यांगों ने एसडीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सभी कृषक एक्सप्रेस से रवाना हुए। इस मौके पर मनीराम, अवधेश कुमार, जयबहादुर, विश्वनाथ, अवधेश कुमार, अजीत कुमार, अवधेश राम, राजेश यादव, रामसेवक चौहान, दुर्गावती देवी आदि रहे।

