गाजीपुर : किसान दिवस में डीएम ने सुनी किसानों की समस्याएं, बैठक से गायब एक्सईएन नलकूप का रोका वेतन

गाजीपुर। नगर के विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। जहां जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जिले के प्रगतिशील किसानों के साथ बैठक की। बैठक मे ंजिलाधिकारी ने पिछली बैठक में प्राप्त शिकायतों पर की गयी कार्यवाही के बाबत जानकारी ली। जिस पर उप कृषि निदेशक ने पिछले किसान दिवस के बाबत विस्तृत जानकारी दी। डीएम ने कहा कि बैठक का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सुनना, उनके समाधान पर चर्चा करना है। कहा कि कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे कृषकों के बारे में सभी को जानकारी दें। कहा कि कोई भी पात्र लाभ से वंचित न हो और सभी किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाय। इस दौरान बैठक में कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, उन्नत बीज, जैविक खेती एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उपस्थित किसानों ने सिंचाई, खाद-बीज की उपलब्धता, फसल रोग, समर्थन मूल्य तथा विपणन से जुड़ी समस्याओं के बारे में बताया। जिस पर डीएम ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। डीएम ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके सशक्तिकरण के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। किसान दिवस जैसे कार्यक्रम किसानों और प्रशासन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, जिससे योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुँच सके। उप कृषि निदेशक विजय कुमार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित फॉर्मर रजिस्ट्री के बारे में विस्तार से बताते हुए सभी से फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए अपील की। बताया कि जिले में फसलों का ई-खसरा पड़ताल चल रहा है। बताया कि यंत्रीकरण योजना के तहत (मैकेनाइजेशन एवं इन-सीटू) 3 ई-लॉटरी हो चुकी है। अब भी किसान यदि बुकिंग नहीं कराये हैं तो आज अंतिम तिथि है, इसलिए इसे तत्काल बुक कराएं। बताया कि सोलर पम्य बुकिंग (कुसुम योजना) का अन्तिम वर्ष था। अगले वित्त वर्ष में नये मानक के तहत बुकिंग प्रारम्भ होगी। प्राकृतिक खेती एवं आत्मा योजना के प्रशिक्षण के बारे में बताया गया। जिला कृषि अधिकारी द्वारा जायद बीज बुकिंग (उड़द, मूंग, सहफसली गला के साथ) व मक्का बीज (हाइब्रीड) की व्यवस्था यथाशीघ्र करने की बात कही। जिला उद्यान अधिकारी द्वारा विभागीय योजनाओं के बारे में बताया गया। बताया कि जायद में 50 हेक्टेयर शाक भाजी हेतु एवं बागवानी फसलों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। खाद्य प्रसंस्करण में 1400 यूनिट के लक्ष्य के सापेक्ष 35 प्रतिशत पूर्ति हो चुकी है। एक एकड़ में पाली हाऊस की भी योजना है। जिसमें 50 प्रतिशत अनुदान है। ड्रिप सिंचाई में 90 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध है। कृषकों ने बैठक के दौरान टिसू कल्चर बांस व महोगनी के पौधे उपलब्ध कराने हेतु अनुरोध किया तथा ड्रैगन फ्रूट की खेती के बारे में जानकारी ली। बताया गया कि बैठक में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता नहीं आते हैं, जिस पर डीएम ने निर्देशित किया कि किसान दिवस से सम्बन्धित समस्त अधिकारी बैठक में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान बैठक से गायब अधिशासी अभियंता नलकूप पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीडीओ संतोष कुमार वैश्य, बाबूलाल मानव, विनोद राय, छांगुर राय, विपिन राय, रूद्रप्रताप सिंह, लालजी यादव, राम कुमार राय आदि रहे।

