सैदपुर : एडीओ एजी ने उपकृषि निदेशक को भेजा शिकायती पत्र, बीज गोदाम प्रभारी से लगायत कंप्यूटर ऑपरेटर तक की शिकायत





सैदपुर। ब्लॉक के एडीओ एजी ने सैदपुर के बीज गोदाम पर तैनात प्रभारी सहित कर्मियों के मनमाने व्यवहार व लापरवाही की शिकायत करते हुए कार्यवाही की गुहार लगाई है। बीते दिनों इसी केंद्र के कर्मचारी की शिकायत एक किसान ने भी की थी लेकिन कुछ नहीं हो सका। एडीओ एजी श्रवण कुमार सिंह ने जिले के उप कृषि निदेशक को पत्र भेजकर बीज गोदाम प्रभारी टीएसी संतोष जायसवाल, टीएसी अंकिता मौर्या, बीटीएम विमलेश कुमार व कंप्यूटर ऑपरेटर शैलेंद्र कुमार की शिकायत करते हुए बताया कि इनके द्वारा मनमाना कार्य करते हुए घोर लापरवाही बरती जा रही है। यहां तक कि सरकारी योजनाओं का ठीक से क्रियान्वयन तक नहीं किया जा रहा है। बता दें कि बीज गोदाम प्रभारी संतोष जायसवाल पर अवैध धन उगाही के साथ ही किसानों को निःशुल्क रूप से वितरित करने के लिए शासन से आए बीज को दुकानदारों को भी बेचने का आरोप लग चुका है। एडीओ एजी ने शिकायती पत्र में बताया कि इन सभी कर्मियों की प्राकृतिक खेती, एग्रीस्टेक, फॉर्मर रजिस्ट्री आदि में काफी खराब प्रगति है। पत्र में एडीओ ने आरोप लगाया कि बीज गोदाम प्रभारी संतोष जायसवाल द्वारा भारी ओवर रेटिंग की गई है। जिस पर उनसे कहा गया कि जिन किसानों से ये लिया गया है, उन्हें बुलाकर वापस कर दीजिए। जिस पर उनका जवाब होता है कि मेरा स्थानांतरण करा दीजिए। इसकी भी शिकायत जिला कृषि अधिकारी को फोन पर दी गई थी। शिकायत किया कि प्राकृतिक खेती के लिए किसानों को वितरित करने के लिए आए ड्रम सेट में अब तक सिर्फ 1 कलस्टर में सिर्फ 50 ड्रम सेट वितरित किए गए हैं और 6 कलस्टर में एक भी ड्रम सेट वितरित नहीं किया गया है। एडीओ एजी द्वारा विभागीय ग्रुप में बार-बार कहने व फोन करने के बावजूद कार्य नहीं किया गया। इसी तरह फॉर्मर रजिस्ट्री में भी प्रगति लक्ष्य से काफी कम है। कहा कि अंकिता मौर्या की लापरवाही पर डीडी के निर्देश पर कार्यवाही के लिए रिपोर्ट भी भेजी, इसके बावजूद किसी तरह की कार्यवाही नहीं की गई। कंप्यूटर ऑपरेटर शैलेंद्र कुमार की लापरवाहियों की भी शिकायत की गई लेकिन मुख्यालय से कार्यवाही नहीं हुई। एडीओ एजी ने आरोप लगाया कि जब भी कर्मियों को काम करने के लिए कहा जाता है तो वो टका सा जवाब होता है कि हमारा स्थानांतरण करा दीजिए।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< देवकली : सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के 5वें दिन भगवान गणेश जन्म की कथा का प्रवचन
सैदपुर : खौलते हुए पानी का बर्तन गिरने से मां व बेटी झुलसे, मां को किया गया रेफर >>