औड़िहार : चालक को झपकी आने से गोपालपुर में हाईवे के 2 लेन में पलटी सीमेंट लदी ट्रक, बोरियां लेकर गायब हुए राहगीर

औड़िहार। खानपुर थानाक्षेत्र के गोपालपुर स्थित गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर तेज रफ्तार सीमेंट लदा बड़ा ट्रक डिवाइडर से होते हुए बीच हाईवे पलट गया। जिससे उसमें लदा हजारों बोरी सीमेंट सड़क पर ही बिखर गया। संयोग अच्छा था कि घटना रात या भोर में हुई, जिससे उस समय हाईवे पर कोई मौजूद नहीं था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद चालक तत्काल मौके से फरार हो गया। जिसके चलते उधर से गुजर रहे कुछ लोग सीमेंट की कुछ बोरियां उठा ले गए। हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से सीमेंट सुरक्षित रहा। बीती रात सोनभद्र के डाला से सीमेंट लादकर एक बड़ा ट्रक गाजीपुर जा रहा था। अभी वो गोपालपुर पहुंचा था कि संभवतः चालक चंदौली निवासी राधेश्याम यादव को झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर को पार करते हुए पलट गया। जिससे उसका अगला हिस्सा वाराणसी वाले पर व पिछला हिस्सा गाजीपुर लेन में पलट गया और सीमेंट की बोरियां बीच सड़क बिखर गई। ये देख वहां से गुजर रहे कुछ लोग सीमेंट की बोरियां लेते गए लेकिन सुबह जुटे ग्रामीणों ने सीमेंट की सुरक्षा की और मंगलवार की दोपहर करीब 2 बजे दूसरा ट्रक आने के बाद सीमेंट को सुरक्षित आगे रवाना किया गया।

