सैदपुर : नगर के समुचित विकास के लिए बजट की मांग करने राजधानी पहुंचे चेयरमैन पति व प्रतिनिधि, नगर विकास मंत्री को बताई समस्याएं तो मिला भरोसा

सैदपुर। नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर के पति सुभाष सोनकर व प्रतिनिधि राहुल सोनकर सोमवार को प्रदेश मुख्यालय स्थित मंत्री आवास पर नगर विकास मंत्री एके शर्मा से मिले और नगर के विकास के बीच आने वाली बजट संबंधी समस्याओं को बताया। जिस पर नगर विकास मंत्री ने नगर पंचायत में विकास को गति देने का भरोसा दिया है। सुभाष सोनकर ने बताया कि बजट के अभाव में नगर में समुचित विकास नहीं हो पा रहा है। जिस पर मंत्री ने कहा कि आवश्यक कार्यों का डीपीआर बनवाकर विभाग को दें, जिसके बाद बजट निर्गत किया जाएगा तो कार्य कराया जाएगा। बता दें कि राज्यवित्त की धनराशि कम होने से नगर में विकास का पहिया एक प्रकार से रुक गया है। जिससे कई गलियां, सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कहीं जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है तो कुछ जगहों पर विद्युत आपूर्ति के लिए संसाधनों को व्यवस्थित करना है। इन सब कार्यों के न होने से जनता निराश है। इन समस्याओं के निस्तारण के लिए चेयरमैन प्रतिनिधि नगर विकास मंत्री से मिले और उन्हें पत्र सौंपा और वंदन योजना के तहत नगर के प्रमुख बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर के सुंदरीकरण, स्टेशन रोड पर व्याप्त जलनिकासी की समस्या, वार्ड दो स्थित बारी में जल निकासी एवं सड़क निर्माण के अलावा गंगा घाटों को जोड़कर उनके सुंदरीकरण की मांग की। मंत्री ने कहा कि सभी आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। कहा कि प्रदेश के सभी निकायों को विकास से संतृप्त करना है।

