सैदपुर : भद्रसेन में पानी की ओवरहेड टंकी के नीचे बने गड्ढे में मिली किसान की लाश, परिजनों में कोहराम, ग्रामीणों ने जताई आशंका

सैदपुर। थानाक्षेत्र स्थित भद्रसेन में शनिवार को पानी टंकी के नीचे अधेड़ का शव लावारिस हाल में मिलने से सनसनी फैल गई। जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया। मृतक की शिनाख्त गांव निवासी 46 वर्षीय गुड्डू राम पुत्र स्व. हरिनंदन राम के रूप में हुई। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आशंका है कि पानी की टंकी से अधेड़ की गिरकर मौत हुई है। गांव निवासी गुड्डू मजदूरी व खेती कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों व ग्रामीणों ने बताया कि गुड्डू गांव स्थित उदासीन मठ पर रहता था और वहां की खेती का कार्य देखता था। इस बीच शनिवार की सुबह गांव के लोग गांव में बने पानी के ओवरहेड टंकी के पास से गुजर रहे थे तो वहां नीचे खुदी मिट्टी के गड्ढे में लाश देख सकते में आ गए। पास गए तो उसकी पहचान गुड्डू के रूप में हुई। जिसके बाद पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा। लोगों का अनुमान है कि वो पानी की टंकी से गिरा होगा, जिससे उसकी मौत हुई है। घटना के बाद मृतक के पुत्र सूरज ने तहरीर दी है। वो अपने पीछे पत्नी रीता, दो बेटियां व दो बेटे सहित मां पार्वती को छोड़ गया है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

