खानपुर : गौरहट स्थित गोमती नदी में मछली मारने के दौरान डूबे मछुआरे की आज मिली लाश, इकलौते बेटे की लाश देख हाहाकार

खानपुर। चौबेपुर व खानपुर की सीमा पर स्थित गौरहट के पास गोमती नदी में मछली मारने के दौरान शुक्रवार की शाम को डूबे मछुआरे की लाश कुछ ही दूरी पर शनिवार की दोपहर 2 बजे बरामद हो गयी। जिसके बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वाराणसी के चौबेपुर थानाक्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी 26 वर्षीय मछुआरा प्रद्युम्न निषाद पुत्र रामधनी निषाद शुक्रवार की शाम को गोमती नदी में मछली मार रहा था। इस बीच मछली मारने के दौरान गहरे पानी में चले जाने के चलते वो डूब गया। जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। लोगों की सूचना पर भारी भीड़ जुट गई। जिसके बाद उसकी अंधेरा होने तक तलाश की गई लेकिन पता नहीं चला। शनिवार की सुबह फिर से उसकी तलाश शुरू कराई गई। आखिरकार काफी मशक्कत के बाद दोपहर 2 बजे उसकी लाश वहीं पर बरामद हुई। घटना के चलते उसके परिजन कल से ही वहीं थे, जिसके कारण शव मिलते ही कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक अपने माँ बाप का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका करूण क्रंदन सुनकर हर कोई मर्माहत था।

