गाजीपुर : छत्तीसगढ़ से गाजीपुर के लिए आई दोहरी खुशखबरी, तीरंदाजी के जूनियर नेशनल्स में रणविजय यादव ने जीता 1 गोल्ड व 1 सिल्वर

गाजीपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित जूनियर नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में उभरते हुए तीरंदाज रणविजय यादव ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। गाजीपुर में प्रशिक्षण लेने वाले चंदौली निवासी रणविजय ने प्रतियोगिता के दौरान सटीक निशाना साधते हुए एक स्वर्ण सहित एक रजत पदक जीतकर न सिर्फ गाजीपुर का बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। बता दें कि प्रतियोगिता के दौरान देश भर से आए दिग्गज तीरंदाजों के बीच रणविजय ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और अंततः फाइनल राउंड के रोमांचक मुकाबले में उन्होंने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया, जबकि एक अन्य स्पर्धा में कड़े संघर्ष के बाद उन्हें सिल्वर मेडल प्राप्त हुआ। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों में खुशी की लहर है। वहीं इस उपलब्धि के बाद उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ ने भी बधाई दी है। साथ ही उनके कोच, खेल संघ के पदाधिकारियों व संघ के सचिव नंदू दुबे ने हर्ष व्यक्त किया है। खेल जगत के जानकारों ने कहा कि रणविजय की यह उपलब्धि आगामी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए उनके मनोबल को और बढ़ाएगी। वहीं रणविजय ने कहा कि ये पदक मेरी कड़ी मेहनत और कोच के मार्गदर्शन का परिणाम है। मेरा अगला लक्ष्य देश के लिए खेल में पदक जीतना है। बता दें कि वो द्रोणा तीरंदाजी अकादमी में तीरंदाजी सीखते हैं।

