बिहार : चुटकियों में अरबपति बन गया मामूली सा हलवाई, खाते में जमा हुए 600 करोड़, दैनिक काम के लिए गया था 100 रुपये निकालने

बिहार। बिहार के बक्सर ज़िले के एक सामान्य सा हलवाई मिनटों में अरबपति बन गया। उसके बैंक खाते में 600 करोड़ रुपये आने के बाद हड़कम्प मच गया। मामला बक्सर के तिलक राय के हाता थानाक्षेत्र के छोटे से गांव बड़का राजपुर का है। जहां हलवाई का काम करने वाले जितेंद्र साहू के फिनो बैंक खाते में 600 करोड़ रुपये जमा हो गए। इस बात का खुलासा तब हुआ, जब जितेंद्र को 100 रुपये की जरूरत पड़ी और वो अपने खाते से सिर्फ 100 रुपये निकालने के लिए जनसेवा केंद्र पहुँचा। वहां पहुंचकर जब उसने संचालक से 100 रुपये मांगे तो संचालक खाते में पड़ी रकम देख दंग रह गया। उसके खाते में इतने रुपये का गए थे कि वो उसमें जीरो तक नहीं गिन पा रहा था। जितेंद्र ने बताया कि वो रोजाना सामान खरीदने सिमरी बाजार जाता था और जाने के पहले अपने खाते से रुपये निकालता था। आज उसके खाते में सिर्फ 478 रुपये थे लेकिन जब खाते में 600 करोड़ रुपये देखे तो होश उड़ गए। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी तो पुलिस भी हक्की बक्की रह गयी। आनन फानन में खाते को होल्ड कर जांच शुरू कर दी गयी है। इन रुपयों को साइबर ठगी का रुपया मानकर भी जांच की जा रही है। साथ ही ये भी आशंका है कि कहीं किसी गिरोह ने तो ये रुपये काले धन के रूप में हस्तांतरित तो नहीं किये। इधर मामले की पुलिस गम्भीरता से जांच कर रही है।

