सैदपुर : कलयुगी बेटे ने बूढ़ी मां को पीट घर में बंद किया ताला, दूसरे के घर में रह रही वृद्धा ने तहसील में रोकर डीएम से लगाई गुहार





सैदपुर। दुनिया में कलयुग इस कदर लोगों के दिलो-दिमाग पर हावी हो चुका है कि वो अपनी सगी माता के साथ ही छल कपट व अन्याय करने में संकोच करते हुए नहीं दिख रहे हैं। ऐसे ही एक कलयुगी पुत्र से पीड़ित बूढ़ी मां लाठियां टेकते हुए जब शनिवार को तहसील में पहुंची तो पहले तो किसी ने ध्यान नहीं दिया लेकिन जब लोगों को बूढ़ी माता की समस्या का पता चला तो उनके होश उड़ गए। वृद्धा ने डीएम से रोते हुए बताया कि मेरे सगे बेटे ने मुझे मारने पीटने के साथ ही अपने साले के साथ मिलकर घर में ताला बंद कर दिया है। जिससे मेरा अपने ही घर में जाना नहीं हो पा रहा है और मैं दूसरे के घर रह रही हूं। जिसके बाद डीएम ने कोतवाल को इस मामले का निस्तारण करने का निर्देश दिया। शनिवार की दोपहर 1 बजे भीमापार के जगदीशपुर निवासिनी वृद्धा केवला देवी डंडे के सहारे धुंधली आंखें लिए तहसील में पहुंचीं। पति स्व. मुंशी यादव की पहले ही मौत हो चुकी है। डीएम अविनाश कुमार को शिकायती पत्र देते हुए वृद्धा ने बताया कि उनका पुत्र अनिल यादव उन्हें काफी परेशान कर दिया है। वृद्धा ने कैमरे पर बताया कि उनका बेटा सेना में था और अब रिटायर हो गया है। बताया कि अनिल गाली गलौज करने के साथ ही मारपीट करता है। यहां तक कि उसने घर में ताला बंद कर दिया है और मेरे नाम से लगे बिजली कनेक्शन को भी बंद कर दिया है। यहां तक कि मेरे नाम से जो गैस कनेक्शन है, उसे भी अपने कब्जे में कर लिया है। मुझे खाने के लिए राशन तक नहीं देता। कहा कि मैं एक विधवा महिला हूं और घर बंद होने के चलते मैं किसी तरह दूसरे के घर रहकर जीवन यापन कर रही हूं। आरोप लगाया कि उसका साला राकेश यादव निवासी मनसुखवा भी मुझे मारने-पीटने की धमकी देता रहता है। बिना डंडे के सहारे के सही ढंग से अपने पैरों पर भी न चल पा रही वृद्धा की ऐसी समस्या देख डीएम हतप्रभ रह गए और फौरन कोतवाल शैलेश मिश्र को बुलाकर इस मामले की जांच कर घर खुलवाते हुए निस्तारण कराने का निर्देश दिया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : नगर की सड़कों पर आवारा गोवंशों से होने वाली समस्याओं से निजात दिलाने को समाजसेवी ने तहसील में डीएम को दिया पत्रक
मरदह : गलत दिशा से आने वाले वाहन बन रहे गंभीर घटनाओं का कारण, मौसी-भतीजे को टक्कर मार बाइक सवार फरार >>