सैदपुर : नगर की सड़कों पर आवारा गोवंशों से होने वाली समस्याओं से निजात दिलाने को समाजसेवी ने तहसील में डीएम को दिया पत्रक

सैदपुर। क्षेत्र की सड़कों पर आवारा गोवंशों से होने वाली समस्याओं की तरफ समाजसेवी रमेश यादव डब्लू ने एक बार फिर से जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराने का प्रयास किया है। उन्होंने शनिवार की दोपहर साढ़े 12 बजे सैदपुर तहसील में जिलाधिकारी अविनाश कुमार को पत्रक देकर स्थिति का संज्ञान दिलाया। जिस पर डीएम ने आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया। युवा सामाजिक कार्यकर्ता संघ के अध्यक्ष रमेश यादव डब्लू तहसील में पहुंचे और पत्रक देकर बताया कि क्षेत्र में आवारा पशुओं की संख्या काफी अधिक हो गई है। जबकि आवारा पशुओं को पकड़ने का काम गोशालाकर्मियों का है। कहा कि बीडीओ, ईओ, अधिकारी आदि लोगों से शिकायत करने पर वो टाल देते हैं। बताया कि क्षेत्र में आवारा व कभी सड़क दुर्घटनाओं में घायल पशुओं को पकड़ने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। जिसके चलते सड़कों पर उनका आतंक काफी अधिक बढ़ गया है। स्थिति ये है कि आए दिन ये आपस में सड़कों पर लड़ने लगते हैं तो उधर से गुजरने वाले राहगीर कई बार घायल हो जाते हैं तो कई बार ये लड़ते हुए लोगों की दुकानों में घुसकर उन्हें तोड़कर नष्ट कर देते हैं। कई बार लोग गंभीर रूप से भी घायल हुए हैं। हाईवे पर तो आए दिन कोई न कोई वाहन गोवंशों से टकराते रहते हैं। बताया कि गोरक्षक टीम द्वारा कई बार उन पशुओं का इलाज कराया जाता है और उन्हें निजी वाहन से गोशाले तक पहुंचाया जाता है। बताया कि सैदपुर के जौहरगंज सहित मिर्जापुर, पिपनार आदि गांवों में गोशाला चल रहे हैं। मांग किया कि गोशालों में घायल पशुओं को अलग से रखने की व्यवस्था करने के साथ ही उन्हें पहुंचाने की भी व्यवस्था करने के लिए कैटल कैचर की व्यवस्था की जाए या किसी विभाग को निर्देश दिया जाए। जिस पर डीएम ने आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिया।

