बहरियाबाद : सिधौना के रामकरन इंटर कॉलेज के कुश्ती कोच को मिली अहम जिम्मेदारी, नेशनल गेम्स कुश्ती में बने तकनीकी निदेशक

बहरियाबाद/सिधौना। आगामी दिनों में प्रदेश के बलिया जिले में आयोजित हो रहे अंडर-17 स्कूल नेशनल गेम्स कुश्ती के लिए सिधौना के ईशोपुर रामपुर स्थित रामकरन इंटर कालेज के खेल अध्यापक-कुश्ती कोच राम आशीष यादव को टेक्निकल डायरेक्टर तथा ज्यूरी कमेटी में मेम्बर सेक्रेटरी चुना गया है। जानकारी देते हुए प्रबंधक डा. जय सिंह पप्पू ने बताया कि चौबेपुर के बर्थरा खुर्द निवासी राम आशीष भारतीय कुश्ती संघ में बतौर राष्ट्रीय रेफरी सेवा दे चुके हैं। बताया कि वो 2018 से इटावा के माध्यमिक शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं और राष्ट्रीय स्तर पर 5 बार के पदक विजेता हर चुके हैं। जुलाई 2024 में निदेशालय स्तर से स्थानांतरित होकर वो यहां आए और जिले में कुश्ती को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। बताया कि विद्यालय से पिछले एक वर्ष में लगभग 25 प्रदेश स्तर के पदक तथा वर्तमान में स्कूल राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक भी आया है। उन्होंने सीमित संसाधनों में शानदार कार्य किया है। इस उपलब्धि पर पूर्व एमएलसी डॉ. विजय यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, क्रीड़ा अधिकारी अरविंद यादव, सपा जिला उपाध्यक्ष आशीष यादव, प्रधानाचार्य आत्मा यादव, पूर्व एथलीट काशी सिंह यादव, जिला क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह कोच गोरखनाथ यादव, डॉ. रुद्रपाल यादव, मनोज यादव, अखिलेश यादव, नेसार अहमद फैज आदि ने बधाई दी है।

