गाजीपुर : सैदपुर तहसील में डीएम-एसपी ने सुनी शिकायतें, आने से पूर्व खाली रहा सभागार, डीएम-एसपी के आते ही समस्या सुनाने उमड़ पड़े फरियादी





गाजीपुर। लोगों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिले की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 364 प्रार्थनापत्र आए और उनमें से मौके पर 38 का निस्तारण किया गया। इसी क्रम में सैदपुर तहसील में जिले की मुख्य सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जहां जिलाधिकारी अविनाश कुमार व पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने लोगों की शिकायतें सुनी। उनके सामने कुल 63 प्रार्थनापत्र आए, जिसमें से मौके पर 4 का निस्तारण किया गया। शनिवार की दोपहर 12 बजे पुलिस अधीक्षक तहसील में आए और साढ़े 12 बजे जिलाधिकारी तहसील में आए। इस दौरान उनके आने के पूर्व तक सभी फरियादी इधर उधर घूम रहे थे। जिसके चलते सभागार खाली था और अधिकारी इक्के दुक्के आ रहे प्रार्थनापत्रों का निस्तारण कर रहे थे। ऐसा नहीं था कि फरियादी नहीं थे, बल्कि वो तहसील में ही इधर-उधर घूम रहे थे कि जब डीएम आएंगे तो उनके सामने उनके ही हाथ में शिकायती पत्र देंगे और ऐसा हुआ भी। दोपहर में जैसे ही डीएम आए, फरियादियों से खाली सभागार में एकदम खचाखच भर गया और लंबी लाइन लग गई। बहरहाल, एक-एक कर डीएम ने सभी की शिकायतें सुनीं और निस्तारण का भरोसा दिया। जिलाधिकारी ने प्रार्थनापत्रों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। इस मौके पर एसडीएम डॉ. पुष्पेंद्र सिंह पटेल, तहसीलदार हिमांशु सिंह, नायब तहसीलदार अजय वर्मा, सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजीव सिंह, बीडीओ धर्मेंद्र यादव आदि रहे। इसी क्रम में सदर तहसील में 30 में 6, सेवराई में 21 में 2, कासिमाबाद में 28 में 5, मुहम्मदाबाद में 72 में 12, जखनियां में 95 में 3 व जमानियां में 55 में मौके पर 6 मामलों का निस्तारण किया गया। शेष के लिए टीमें गठित कर मौके पर जाकर ही निस्तारण करने का निर्देश दिया गया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< करंडा : पुलिस ने छापेमारी कर बदमाश को किया गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम आदि में दर्ज हैं मुकदमे
जखनियां : सम्पूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम के सामने आए 95 मामले, 3 का हुआ निस्तारण >>