गाजीपुर : 69वें महापरिनिर्वाण दिवस पर भाजपा ने दी बाबा साहेब को श्रद्धांजलि, योगदानों को याद करते हुए दिया सम्मान

गाजीपुर। बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर का 69वां महापरिनिर्वाण दिवस शनिवार को भाजपा के जिला कार्यालय पर मनाया गया। जहां जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय सहित सभी पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहेब समाज के कमजोर, असंगठित और वंचितों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने भारतीय संविधान के माध्यम से समाज के कमजोर वर्ग के अधिकारों और समानता के लिए जो योगदान दिया, उसके लिए वो हमेशा याद किये जाते रहेंगे। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने बाबा साहेब के सम्मान में उनके जीवन से जुड़े स्थानो को पंचतीर्थ के रूप में विकसित और जागृत कर सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने का काम किया है। आज तक की किसी भी सरकार ने बाबा साहेब को ये सम्मान नहीं दिया था। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के उत्थान और राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित रूप से काम किया लेकिन पूर्व की सरकारों ने उनके सम्मान के प्रति कभी ध्यान नहीं दिया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहेब के सम्मान के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनमें स्मारक निर्माण व उनकी विरासत को संजोने की पहल शामिल है। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित कर बाबा साहेब के सम्मान में नारे लगाए। इस मौके पर जिला महामंत्री अवधेश राजभर, प्रवीण सिंह, अच्छेलाल गुप्ता, जितेन्द्र नाथ पांडेय, शशिकान्त शर्मा, सुरेश बिंद, गोपाल राय, गर्वजीत सिंह, मुरली कुशवाहा, प्रमोद राय आदि रहे।

