भांवरकोल : शादी में शामिल होकर बाइक से घर जा रही वृद्धा को ट्रक ने रौंदा, मौत के बाद मचा कोहराम, चालक व खलासी फरार

भांवरकोल। थानाक्षेत्र के एनएच 31 स्थित तेतरिया मोड़ के नहर पुलिया पर तेज रफ्तार ट्रक ने शादी में शामिल हो कर घर जा रही बाइक सवार वृद्धा को रौंद दिया और चालक वहीं पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटना में वृद्धा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मोहम्मदाबाद के तिवारीपुर निवासिनी 65 वर्षीय शांति देवी पत्नी सत्यदेव शादी में गई थीं और उसमें शामिल होने के बाद शुक्रवार की रात अपने भतीजे के साथ बाइक पर बैठकर कोटवां स्थित मंगला भवानी मंदिर से अपने घर जा रही थीं। अभी वो तेतरिया मोड़ पर पहुंची ही थीं कि तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया और चालक व खलासी पैदल ही मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, वहीं ट्रक को थाने भेजा गया। मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

