सैदपुर : तुर्कही में चकरोड निर्माण की मांग को लेकर डीएम को दिया गया पत्रक, चकरोड निर्माण को रोके जाने का लगाया आरोप

सैदपुर। क्षेत्र के फुलवारी खुर्द के तुर्कही गांव के निवासियों की तरफ से शनिवार को जिले के मुख्य सम्पूर्ण समाधान दिवस में हस्ताक्षरयुक्त शिकायती पत्र गांव निवासी सर्वेश यादव ने डीएम को सौंपा और चकरोड न बनने देने का आरोप लगाकर निस्तारण की गुहार लगाई। सर्वेश यादव शनिवार को गांव निवासी रविंद्र यादव, प्रदीप यादव, मिट्ठू यादव, अच्छेलाल यादव, आशीष यादव, अरविंद कुमार, सतीश यादव, रामबदन यादव, राम सिंह यादव, सियाराम सिंह यादव, पुष्पराज यादव, आनंद यादव, संजय यादव, संदीप यादव आदि के हस्ताक्षरयुक्त शिकायती पत्र लेकर तहसील में पहुंचे। कहा कि गांव में पारस, मनोज, मुरलीधर दबंग किस्म के हैं और दबंगई करते हुए उन्होंने चकरोड बनने से रोक दिया है। बताया कि कई बार पैमाईश कराई गई और हर बार पाया गया कि चकरोड की जगह सही है। इसके बावजूद चकरोड बनने से रोक दिया जाता है। उन्होंने पत्र में प्रधान को भी धमकी देने का आरोप लगाया। कहा कि चकरोड न बनने के चलते हम गांव के लोगों को आवागमन में काफी समस्या हो रही है और दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शिकायत पत्र देकर चकरोड निर्माण कराने की गुहार लगाई है।

