भीमापार : एक सप्ताह से बिना इंचार्ज के चल रही जिले की ये पुलिस चौकी, सीयूजी नंबर भी है स्विच ऑफ, बाहर से ही लौटा दे रहे होमगार्ड





भीमापार। सादात थानाक्षेत्र की मखदुमपुर पुलिस चौकी की व्यवस्था इन दिनों कुछ ठीक नहीं चल रही है, जिसका कारण है यहां चौकी इंचार्ज का न होना। पूर्व चौकी प्रभारी के स्थानांतरण के बाद वहां किसी ने अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है, जिसके चलते लगभग एक सप्ताह से चौकी बिना इंचार्ज के चल रही है। सबसे गंभीर स्थिति यह है कि चौकी का सीयूजी नंबर भी करीब हफ्तेभर से स्विच ऑफ आ रहा है। शासन द्वारा हर पुलिस चौकी को जारी किए गए इन नंबरों का उद्देश्य जनता को तत्काल संपर्क सुविधा देना है, लेकिन मखदुमपुर चौकी में यह सुविधा ठप पड़ी है। लोगों का कहना है कि आम जनता अपनी शिकायत लेकर जब भी चौकी पहुँचती है तो उन्हें वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिलता। मौके पर केवल एक होमगार्ड तैनात रहता है, जो जिम्मेदार के न होने की दलील देकर लोगों को चौकी परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं देता और बाहर ही बिठाकर वापस लौटा देता है। जनता के शिकायत की पुष्टि के लिए जब समाचार पत्र के संवाददाता चौकी पहुंचे तो वहां ड्यूटी पर मौजूद होमगार्ड राजेंद्र राजभर ने उन्हें भी चौकी में प्रवेश करने से रोक दिया। कारण पूछने पर उन्होंने संवाददाता से बेरुखी से बात की और कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। क्षेत्रीय नागरिकों ने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि मखदुमपुर चौकी पर तत्काल प्रभारी की नियुक्ति की जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रह सके।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बिरनो : नाबालिग संग दुष्कर्म कर फरार चल रहा आरोपी गिरफ्तार
सादात : उप्रावि में हुई 72वीं ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता, मंजुई प्रावि की नंदिनी ने अकेले 50, 100, 200 व 400 मीटर में गोल्ड जीत बनाया कीर्तिमान >>