भीमापार : गांवों से काफी दूर बनाए गए सरकारी धान क्रय केंद्र, दूरी अधिक होने से बिचौलिए के हाथों उपज बेचने को विवश हुए किसान





भीमापार। इस बार गांवों से काफी दूरी पर धान क्रय केंद्र होने के चलते किसानों को काफी समस्या हो रही है। सादात ब्लॉक के मंगारी, मई, भीमापार आदि के करीब 25 ग्राम पंचायतों के किसान इस बार अपनी धान की उपज को लेकर काफी परेशान हैं। उनका कहना है कि इस बार क्रय केंद्र गांवों से अत्यधिक दूरी पर खोले गए हैं, जिससे फसल सरकारी खरीद केंद्र तक पहुंचा पाना मुश्किल हो गया है। बता दें कि जिले में इस समय क्रय केंद्रों पर धान खरीद चल रही है। जिसके चलते इस समय बहुत से बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं। वो बिचौलिए औने पौने दाम पर किसानों से धान खरीद कर और उन्हीं के खेतों के पेपर बनाकर क्रय केन्द्र पर तौल करा रहे हैं और किसान समर्थन मूल्य का उपहार पाने के लिए मारा-मारा फिर रहा है। ऊपर से शादी और खेती का भार और झेलना पड़ रहा है। दूरी अधिक होने से किसान अपनी फसल बिचौलियों के हाथ बेचने को विवश है। दलीपरायपट्टी निवासी विवेकानन्द सिंह, रघुवंश सिंह, मंगारी निवासी अजय सिंह, जगदीशपुर के राजेश सिंह समेत कई किसानों ने बताया कि यह व्यवस्था उन्हें मजबूर कर रही है कि वे अपने फसल को बिचौलियों को कम दामों में बेच दें। इसी तरह भीमापार, हीराधरपुर, मई, बरहपार भोजूराय, नाथूपुर, सेमरौल, मलौरा आदि गांवों के करीब 25 ग्राम पंचायतों के किसान इसी समस्या से परेशान हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सादात : बकरी को टक्कर मारने का विरोध करने पर बदमाशों ने चाय विक्रेता के हाथ-पैरों को तोड़ किया लहूलुहान, 4 पर मुकदमा
सैदपुर : नगर में लगेगा जिले का मुख्य सम्पूर्ण समाधान दिवस, डीएम व एसपी सुनेंगे फरियाद >>