सैदपुर : जिला स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 15 स्वर्ण सहित 26 मेडल जीत मेजबान गैबीपुर बना विजेता, क्रीड़ा भारती उपविजेता

सैदपुर। क्षेत्र के गैबीपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स अकादमी में बुधवार की देर रात तक चली जिला स्तरीय चतुर्थ बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जिले भर से कुल 250 से ज्यादा खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। इस दौरान प्रतियोगिता में 15 स्वर्ण, 7 रजत व 4 कांस्य पदक जीतकर मेजबान बॉक्सरों ने अपनी गौतम स्पोर्ट्स अकादमी टीम को प्रतियोगिता का विजेता बनाया। बतौर मुख्य अतिथि वेद इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक पंकज श्रीवास्तव ने विजेता खिलाड़ियों को पदक व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। वहीं क्रीड़ा भारती की बॉक्सिंग टीम ने 11 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर उपविजेता के खिताब पर कब्जा किया। तीसरे स्थान पर 9 स्वर्ण, 8 रजत व 2 कांस्य जीतने वाली एसकेबीएम इंटर कॉलेज दिलदारनगर की टीम रही। वहीं शाह फैज पब्लिक स्कूल ने चतुर्थ, सनबीम दिलदारनगर 5वें, रामदूत इंटरनेशनल स्कूल 6वें, नोबेल सीनियर सेकेंड्री स्कूल 7वें, सद्दाम बॉक्सिंग क्लब 8वें, वसीम बॉक्सिंग सेंटर 9वें व वेद इंटरनेशनल स्कूल 10वें स्थान पर रहा। एकेडमी के निदेशक और जिला मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि गौतम स्पोर्ट्स अकादमी में यह प्रतियोगिता लगातार बीते 4 वर्षों से आयोजित हो रही है, जिसे देखने के लिए आसपास के दर्जनों गाँव से लोग आते हैं। कहा कि अकादमी का प्रयास है कि जिस तरह अकादमी के ताईक्वांडो खिलाड़ियों ने देश ही नहीं बल्कि विदेशों में पताका फहराया है, उसी तरह गौतम अकादमी के बॉक्सिंग खिलाड़ी भी आगे बढ़े और देश का नाम रोशन करें। बताया कि प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में वाराणसी के गोपाल बहादुर शाही, नैनिका, अजहर खान, अब्दुल मलिक खान, मुनीब सिंह यादव, संजीव कुमार व सद्दाम खान रहे। इस मौके पर उपाध्यक्ष वसीम अहमद, शिवम दुबे, आशुतोष त्रिपाठी, विवेक त्रिपाठी, डा. पीएन सिंह, संजय सिंह, अभय सिंह, डॉ सचिन सिंह, रणविजय सिंह, पंकज यादव, विपूज कुशवाहा, बबलू पाल आदि रहे।

