सैदपुर : रोजाना घंटों तक लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने को तहसील में समाजसेवी ने सीओ को दिया पत्रक, मिला भरोसा

सैदपुर। नगर में भितरी मोड़ से कोतवाली तक के बीच की सड़क पर रोजाना घंटों तक लगने वाले भीषण जाम से आमजन को निजात दिलाने के लिए समाजसेवियों ने क्षेत्राधिकारी को पत्रक देकर निजात दिलाने की मांग की। गुरूवार की दोपहर डेढ़ बजे समाजसेवी मनोज सिंह व गोरक्षक रमेश यादव डब्लू तहसील में पहुंचे। जहां उन्होंने सीओ कार्यालय में सीओ रामकृष्ण तिवारी को 4 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। बताया कि ट्रेनों के आवागमन के चलते घंटों सैदपुर का रेलवे क्रासिंग रोजाना काफी देर तक बंद रहता है। जिसके चलते हर रोज घंटों तक का समय जाम में ही निकल जाता है। बताया कि एक बार जाम में फंसने के बाद आधे घंटे से 45 मिनट तक का समय जाम में ही चला जाता है। ऐसे में आगे स्थित सीएचसी में अगर कोई गंभीर हाल में मरीज भी जाना चाहता है तो जाम के चलते उसे भी समय से उपचार नहीं मिल पाता। बताया कि जाम में फंसने के चलते समय से अस्पताल न पहुंच पाने वाले बहुत से मरीज जान गंवा चुके हैं। यहां तक कि दोनों तरफ कई कान्वेंट स्कूल होने के चलते गर्मियों में जाम में फंसने वाले स्कूली बच्चों का हाल बुरा हो जाता है। यहां तक कि इस जाम के चलते नगर में व्यापार भी ठप होता जा रहा है। क्योंकि ग्राहक इस जाम से बचने के लिए नगर में आना ही नहीं चाहते। उन्होंने मांग किया कि जब तक यहां फ्लाईओवर नहीं बन जाता, तब तक क्रासिंग पर यातायात पुलिस को तैनात करने के साथ ही फोरलेन से नगर में प्रवेश करने वाले गैरजरूरी बड़े वाहनों को प्रवेश न करने दिया जाए। साथ ही सड़क पर दोनों लेन को बांटने के लिए प्लास्टिक के बैरिकेड लगवाने की मांग की। जिस पर सीओ ने 4 से 5 दिन में सकारात्मक कार्य करने का भरोसा दिया।

