करंडा : विकास कार्यों की आड़ में बीडीओ कक्ष निर्माण से लगायत गांवों में भ्रष्टाचार का आरोप, बीडीसी ने डीएम से की शिकायत





करंडा। स्थानीय ब्लॉक में विकास कार्यों की आड़ में भ्रष्टाचार किए जाने का आरोप लगाते हुए बीडीसी ने डीएम को पत्रक देकर शिकायत की है। वार्ड 32 के बीडीसी गोविंद प्रजापति ने जिलाधिकारी अविनाश कुमार को शपथपत्र के साथ शिकायती पत्र देते हुए करंडा ब्लॉक में फैले घोटालों की पोल खोली है। गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ब्लॉक द्वारा कराए गए कई निर्माण कार्यों में घोर अनियमितता और भ्रष्टाचार किया गया है। उन्होंने भवानीपुर उर्फ तिवारीपुर में राजेश के घर से जय नारायण के घर तक बने इंटरलॉकिंग रास्ते में घटिया सामग्री का प्रयोग कर मानक नियमों की धज्जियाँ उड़ाने का आरोप लगाया। बताया कि 9.98 लाख रूपए की लागत वाला यह कार्य पूरी तरह संदिग्ध है। बीडीसी ने ब्लॉक कार्यालय के सभागार, बीडीओ कक्ष, मनरेगा व कंप्यूटर रूम में पुराने एसी लगाकर फर्जी भुगतान का खेल खेलने का आरोप लगाया। कहा कि मरम्मत के नाम पर 16.5 लाख रूपयों का बंदरबांट कर लिया गया। इसके बाद उन्होंने आरोप लगाया कि 6.65 लाख रूपए की लागत से परमेठ बिंदपुरवा में बुझारत के घर से सुभाष विश्वकर्मा के घर तक बनाई गई नाली में कम मोटाई वाले पाइप लगाए गए और गिट्टी व ईंट के टुकड़ों से जोड़ाई कर मानकों की जमकर धज्जियाँ उड़ाई गई हैं। बीडीसी ने इन तीनों कार्यों के बाबत डीएम से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कहा कि विकास के नाम पर जनता के पैसे का भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< खानपुर : तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल को मारी टक्कर, किशोर व युवक गंभीर रूप से घायल, दोनों रेफर
जखनियां : किसान सभा ने एसडीएम को दिया मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक, फसलों का मुआवजा देने की मांग >>