गाजीपुर : राजनैतिक दलों संग जिला निर्वाचन अधिकारी ने की बैठक, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के बाबत दिया निर्देश





गाजीपुर। जिले के मतदेय स्थलों के संभाजन व विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाबत जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने जिले के प्रमुख राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक की। जहां उन्होंने बीते 28 अक्टूबर के निर्देशानुसार मतदेय स्थान का सम्भाजन अधिकतम 1200 मतदाताओं के आधार पर कराए जाने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने आयोग के निर्देशों से सभी उपस्थित राजनैतिक दलों व अधिकारियों को अवगत कराते हुए निर्देशों की प्रति भी उपलब्ध कराई। उन्होंने 29 अक्टूबर से 4 नवंबर तक भौतिक सत्यापन के बाबत समस्त राजनैतिक दलों को अवगत कराया। कहा कि मतदेय स्थलों का सम्भाजन, मतदेय स्थल भवन व उससे सम्बद्ध किए जाने वाले निर्वाचक नामावली के सुसंगत भाग के शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन के बाद किया जाएगा। भवन के सत्यापन के साथ ये भी देखा जाएगा कि उस मतेदय स्थल में अंकित मतदाताओं का निवास उस भवन के आस-पास भौतिक रूप से होना चाहिए। बताया कि मतदेय स्थलों का निर्धारण करने के पश्चात मतदेय स्थलों की एक नई सूची तैयार की जाएगी, जिसका आलेख्य प्रकाशन 10 नवंबर को किया जाएगा, जिसकी प्रति सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जिला स्तरीय प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद मतदेय स्थलों की इस आलेख्य सूची पर राजनैतिक दलों, विधायकों, सांसदों की एक बैठक आयोजित कर आलेख्य सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। बताया कि मतदेय स्थलों को रनिंग नम्बर दिए जाएंगे, कोई भी सहायक मतदेय स्थल नहीं बनाया जाएगा। सम्भाजन की कार्यवाही के दौरान राजनैतिक दलों से प्राप्त सभी प्रत्यावेदनों की सूची तैयार की जाए तथा यह भी उल्लेख किया जाए कि प्रस्ताव स्वीकृत किया गया या नहीं। इस दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों से यह भी अपेक्षा की गयी कि वे अपने-अपने दलों के बीएलए नियुक्त कर शीघ्र जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करा दें। पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि बीएलओ के फार्म भरने एवं सूची तैयार करने में समय लग रहा है। जिस पर डीईओ ने बताया कि जैसे-जैसे बीएलएल की नियुक्ति होती जाए, सूची उपलब्ध कराते जाएं। इस मौके पर भाजपा से राजन प्रजापति, कांग्रेस से रविकान्त राय, बसपा से सुभाष राम सिपाही, आदित्य कुशवाहा, सपा से राजेश यादव, आप से जावेद अहमद व नागेंद्र शर्मा रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< 6 सूचकांकों को लेकर आकांक्षी ब्लॉक में सीएमओ ने लगाई पाठशाला, सीएचओ, एएनएम और आशा संगिनी का किया अभिमुखीकरण
देवकली : देव दीपावली पर हुआ भव्य आयोजन, हजारों दीप से जगमगा उठा ब्रह्मबाबा परिसर >>