6 सूचकांकों को लेकर आकांक्षी ब्लॉक में सीएमओ ने लगाई पाठशाला, सीएचओ, एएनएम और आशा संगिनी का किया अभिमुखीकरण





गोरखपुर। आकांक्षी ब्लॉक ब्रह्मपुर में 6 स्वास्थ्य सूचकांकों को लेकर वहां के बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सभागार में गुरूवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा की पाठशाला चली। उनके द्वारा ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम और आशा संगिनी का अभिमुखीकरण किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रसव पूर्व जांच व देखभाल, नियमित टीकाकरण और गैर संचारी रोगों की स्क्रिनिंग से जुड़े छह सूचकांकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सीएमओ ने सभी प्रशिक्षुओं से संवाद भी किया। सीएमओ डॉ झा ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि गर्भावस्था का पता चलते ही शीघ्र पंजीकरण हो जाने से गर्भवती को प्रसव पूर्व की सभी नौ माह की सेवाएं मिल जाती हैं। उच्च जोखिम गर्भावस्था की शीघ्र पहचान हो जाती है और गर्भवती को फोलिक एसिड की गोलियां समय से मिल जाने से बच्चे में जन्मजात विकृतियों से बचाव होता है। सम्पूर्ण गर्भावस्था के दौरान गर्भवती की चार बार प्रसव पूर्व जांच होनी चाहिए। इन जांचों में वजन, रक्त, पेशाब, मधुमेह, रक्तचाप और पेट की जांच अनिवार्य तौर पर की जानी चाहिए। खतरे को कोई भी संकेत दिखने पर गर्भवती को तुरंत चिकित्सक के पास संदर्भित कर दिया जाना चाहिए। हमारा जोर सम्पूर्ण प्रसव पूर्व जांच पर होना चाहिए। साथ ही सुनिश्चित किया जाए कि शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव हो और सभी बच्चों, किशोर-किशोरियों एवं गर्भवती को टीकाकरण की सुविधा मिले। सीएमओ ने बताया कि 30 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक व्यक्ति की वर्ष में कम से कम एक बार रक्तचाप और मधुमेह की जांच अवश्य की जाए। इस दौरान सीएमओ ने बरही सीएचसी के नवनिर्मित वार्ड का निरीक्षण भी किया। सीएमओ ने उपकेन्द्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर उपलब्ध लॉजिस्टिक की समीक्षा की और कहा कि किसी भी उपकरण की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी उपकेंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर समय से खोले जाएं और साफ सफाई की मुकम्मल व्यवस्था रखी जाए। किसी भी लापरवाही की दशा में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ ईश्वरी लाल, डीपीएम पंकज आनंद, डीडीएम पवन गुप्ता, आदिल फखर आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जहूराबाद व मुहम्मदाबाद में सरदार पटेल की याद में 13 व 14 नवंबर को निकलेगी 8 किलोमीटर की पदयात्रा, तय की गई रूपरेखा
गाजीपुर : राजनैतिक दलों संग जिला निर्वाचन अधिकारी ने की बैठक, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के बाबत दिया निर्देश >>