करंडा : कार्तिक पूर्णिमा पर मौनी बाबा धाम पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पुण्य लाभ के लिए लोगों ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी





करंडा। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर क्षेत्र के चोचकपुर स्थित प्रसिद्ध मौनी बाबा धाम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बुधवार की सुबह से ही हजारों महिला-पुरुषों ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और मौनी बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। हर वर्ष की भांति इस बार भी चोचकपुर में लगने वाला मेला श्रद्धा और उत्साह का केंद्र बना हुआ है। एक सप्ताह तक चलने वाले इस मेले का लोग साल भर इंतजार करते हैं। मेले के सुचारू संचालन के लिए जिला पंचायत एवं प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई है। स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को लेकर विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी पूरे मेले क्षेत्र में तैनात हैं। दिनभर श्रद्धालु पूजा-अर्चना, परिक्रमा और दान-पुण्य में लीन रहे। मेले में लगी दुकानों पर रौनक देखने लायक रही। चौकी, साड़ी, कपड़ा, मिठाई, खिलौने, श्रृंगार सामग्री, चरखी, जादूगरी और बच्चों के खेलों से संबंधित दुकानों ने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय बना दिया। थाना प्रभारी राजनारायण व थानाध्यक्ष अशोक गुप्ता पूरे दिन दिन चक्रमण करते दिखे। किवदंतियों के अनुसार, एक ग्वालन दही बेचने रोजाना नाव से गंगा पार से आती थी। एक दिन देर हो जाने से नाव छूट गई तो मौनी बाबा ने उसे अपने चमत्कार से पैदल ही गंगा पार कराया और चेतावनी दिया कि इस रहस्य को किसी से न कहना, अन्यथा पत्थर बन जाओगी। बाद में परिस्थिति के कारण जब महिला ने लोगों को ये बात बताई तो वो पत्थर बन गई। उसी स्थान पर आज अहिरिनिया माई का मंदिर बना हुआ है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : कार्तिक पूर्णिमा पर संकट मोचन मंदिर में हुआ विशाल भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा
सैदपुर : कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए नगर व ग्रामीण क्षेत्र के श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, किया दान पुण्य >>