सैदपुर : आवारा कुत्ते ने खतरनाक तरीके से बछड़े को बनाया शिकार, गर्दन खाकर किया घायल, गोरक्षकों ने बचाई जान

सैदपुर। नगर में एक आवारा व अज्ञात कुत्ते ने खतरनाक रूप धारण करते हुए सड़कों पर घूमने वाले गोवंशों को काटना शुरू कर दिया है। इसी तरह एक कुत्ते ने वार्ड 11 स्थित सादात रोड पर आवारा कुत्ता एक बछड़े का गर्दन खा गया, जिससे बछड़ा लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। सूचना पाकर टीम संग पहुंचे गोरक्षक टीम के रमेश यादव डब्लू ने चिकित्सक की मदद से उसका उपचार किया और सभासद से गाड़ी मंगवाकर उसकी मदद से गोवंश को भितरी मोड़ स्थित गोशाला भेजा। सादात रोड पर स्वराज एजेंसी के सामने एक बछड़ा लहूलुहान हाल में पड़ा था। उसकी गर्दन को कुत्ता खा गया था, जिससे गर्दन में गहरा घाव हो गया था और वो वहीं गिरा पड़ा था। ये देख उधर से गुजर रहे रंजीत पांडेय ने गोरक्ष रमेश यादव डब्लू को फोन कर बताया। जिसके बाद रमेश डॉ. ओपी मौर्य, हिमांशु गिरी के साथ वहां पहुंचे और उनकी मदद से अपने खर्च पर उसका इलाज किया। नगर पंचायत के पास कैटल कैचर न होने के चलते रमेश ने वार्ड 11 के सभासद सुनील यादव से वाहन मंगवाकर उससे बछड़े को भितरी मोड़ स्थित गोशाला भिजवाया। मांग किया कि सड़कों पर इस तरह से घूमने वाले आवारा गोवंशों को गोशाला में व आवारा घूमने वाले कुत्तों को भी सही जगह पर भिजवाया जाए। कहा कि कुत्ते ने जिस तरह से बछड़े को काटा था, काटने का वो तरीका देखने में काफी भयावह था। ऐसे में अगर ये कुत्ते आमजन को काटने लगे तो लोगों को काफी समस्या होगी। टीम में सदस्य मनीष यादव, प्रियांशु गुप्ता आदि रहे।

