सैदपुर : रास्ते के विवाद में पट्टीदारों ने ब्लॉक प्रमुख के कर्मी को पीटा, पुलिस के सामने धमकाने का आरोप, पीड़ित ने थाने में दी तहरीर

सैदपुर। थानाक्षेत्र के फुलवारी खुर्द के तुर्कही निवासी सर्वेश यादव को रास्ते के विवाद में पट्टीदारों ने मारपीट दिया। जिसके बाद पीड़ित ने थाने में नामजद तहरीर दी है। वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद जब मौके पर पुलिस पहुंची तो मनबढ़ों ने पुलिसकर्मियों के सामने ही मुझे चीर देने की धमकी दी। सैदपुर ब्लॉक प्रमुख के निजी कर्मी सर्वेश यादव पुत्र छांगुर यादव का रास्ते को लेकर पट्टीदारों से विवाद चल रहा है। थाने में तहरीर देकर सर्वेश ने बताया कि हमारे घर के सहन को हड़पने के लिए पट्टीदारों ने फर्जी तरीके से मुकदमा दाखिल किया है। साथ ही हमारे रास्ते को रोकने के लिए ईंट मंगवा रखा है। बताया कि वो मुकदमे की उक्त जमीन पर निर्माण कराने लगे, जिस पर हमने रोका। सर्वेश ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 8 बजे श्रीपति, कंचनपति, पारस, मुरलीधर, सुरेश आदि डंडा लेकर आए और मकान सहन खाली करने को कहा। जिस पर घर के पुश्तैनी होने का हवाला देकर खाली करने से मना किया तो उन्होंने मुझे थप्पड़ मारने के साथ ही डंडे से पीटा और मेरे पिता को धक्का देकर गिरा दिया। हमारी चीख सुनकर घर की महिलाएं व लोग पहुंचे और बीच बचाव कराया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई तो मौके पर पुलिस पहुंची। आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों के सामने भी मुझे चीर देने की धमकी दी है। इस बाबत पुलिस ने बताया कि तहरीर मिली है, उसी के आधार पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

