देवकली : यूपीएससी की आईईएस परीक्षा में साढ़े 4 लाख अभ्यर्थियों को टक्कर देकर देवकली ब्लॉक के सौरभ व शिवांगी ने हासिल किया 5वां व 6वां स्थान, पूरे देश में थी सिर्फ 12 सीटें





देवकली। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित भारतीय आर्थिक सेवा 2025 (आईईएस 2025) परीक्षा में देवकली ब्लाक के 2 लाल ने पूरे देश में 5वां व 6वां रैंक हासिल कर न सिर्फ गांव का बल्कि जिले व प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन किया है। इस उपलब्धि के बाद पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। देवकली के नैसारा गांव निवासी सौरभ यादव व देवकली ब्लॉक के ही रामपुर बंतरा की शिवांगी यादव ने इस कारनामे को अंजाम दिया है। राजेश सिंह यादव के पुत्र, ब्लॉक प्रमुख माधुरी देवी व पूर्व ब्लॉक प्रमुख सच्चेलाल यादव के पौत्र सौरभ की ये उपलब्धि इसलिए भी पूरे देश में खास हो जाती है कि सिर्फ 12 सीट के लिए ही पूरे देश में 20 से 22 जून के बीच ये परीक्षा आयोजित की गई थी। जिसमें पूरे देश से करीब साढ़े 4 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था और उसमें भी सौरभ ने पूरे देश में 5वां रैंक हासिल किया है। दिल्ली विवि में अर्थशास्त्र ऑनर्स से स्नातक करने व नई दिल्ली के भारतीय सांख्यिकी संस्थान में क्वांटिटेटिव इकॉनॉमिक्स में स्नातकोत्तर करने वाले सौरभ ने हैदराबाद स्थित आईसीआईसीआई बैंक में एक वर्ष तक डेटा एनालिस्ट के रूप में कार्य किया। उनके पिता राजेश यादव एक किसान हैं व माता सविता देवी गृहणी हैं। 2 भाईयों व 2 बहनों में तीसरे नंबर के सौरभ के छोटे भाई भी सौरभ की राह चलने के लिए दिल्ली में तैयारी कर रहे हैं। इसके अलावा रामपुर बंतरा निवासिनी शिवांगी यादव ने भी इसी परीक्षा में पूरे देश में 6वां स्थान हासिल किया है। पूरे देश के साढ़े 4 लाख मेधावियों से टक्कर लेते हुए एक ही ब्लॉक में 2 अभ्यर्थियों को मिले इस स्थान के बाद पूरा प्रदेश गौरवान्वित है। ग्रामीण परिवेश में पली बढ़ी शिवांगी के पिता अनिल यादव निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वहीं मां गृहणी हैं। शिवांगी को अधिकारी बनने की प्रेरणा अपने दादा स्व. श्रवण यादव से मिली। वो पीसीएस अधिकारी थे। बहरहाल, सौरभ व शिवांगी की इस उपलब्धि के बाद प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष फेकन यादव, कन्हैया यादव, उपेन्द्रलाल यादव, राणा यादव, देवनाथ कुशवाहा, रामवचन यादव आदि ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : 8 अक्टूबर को शहीद इंटर कॉलेज में होगा वृहद व्यापारी सम्मेलन, कई गांवों से जुटेंगे व्यापारी
गहमर : पटरी पार कर रहे पीडब्ल्यूडी कर्मी की ट्रेन से कटकर मौत >>