खानपुर क्षेत्र के मंदिरों में चोरियां करने वाला शातिर चोर पीतल के 16 घंटे संग गिरफ्तार, खरीदने वाला कबाड़ी भी गया जेल

खानपुर/सिधौना। स्थानीय पुलिस ने मंदिरों में घंटा, दानपेटी, चांदी की आंख आदि चोरी करने वाले शातिर चोर सहित घंटे खरीदने वाले कबाड़ी को नायकडीह से गिरफ्तार कर उनके पास से घंटे, नकदी आदि बरामद किए। इसके बाद दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। दो दिनों पूर्व क्षेत्र के कीनाराम मंदिर का ताला तोड़ चोरों ने अंदर से पीतल के कई घंटे सहित दानपेटी से रूपए व मां काली की प्रतिमा से चांदी की 2 आंखें गायब कर दिए थे। सुबह घटना का पता चलने पर सीसीटीवी चेक किया गया तो उसमें चोर दिखे। प्रबंधक रामकृष्ण सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने छानबीन की। इसके बाद शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। उसने अपना नाम पंकज कुमार पुत्र स्व. बृजनाथ बताया। उसने बताया कि वो गांव निवासी कबाड़ी गुल्लू राम पुत्र स्व. केदारनाथ को चोरी के सामान बेचता था। पुलिस ने चोर के पास से चोरी किए गए पीतल के 16 घंटे सहित दानपेटी से चोरी 252 रूपए बरामद किए। जिसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। एसओ शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों पर कुल 4 मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें 2 मुकदमे 2020 व 2021 के हैं। वहीं 2 मुकदमे नए हैं। टीम में मौधा चौकी इंचार्ज रामबाबू सिंह, हेकां ध्यानप्रकाश यादव, कां. नागेंद्र वर्मा व अवधेश यादव रहे।

