खानपुर : रोशनी के लिए जलाए दीप से लगी आग से पूरी गृहस्थी का सामान राख, गृहस्थी जलती देख बेटी की हालत गम्भीर





खानपुर। थानाक्षेत्र के जमीन सन्दल ग्रामसभा क्षेत्र में रोशनी के लिए जलाकर रखे गए दीपक के चलते अधकच्चे मकान में आग लग गयी। जिससे लाखों कीमत के गृहस्थी के सामान जलकर राख हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घण्टों की मशक्कत के बाद भोर तक आग बुझाई और काबू पाया। वहीं अपना आशियाना जला हुआ देखकर घर की बेटी की तबियत बिगड़ गयी, जिससे उसे लेकर परिजन वाराणसी स्थित अस्पताल भागे। गांव निवासी गंगा राजभर की बेटी की शादी हुई थी। जिसके लिए लड़का देखा जा रहा था और आगामी दिसम्बर में शादी होने की सम्भावना थी। उनका मकान पक्की ईंटों का था लेकिन मिट्टी से जोड़ा गया था। इस बीच बीती रात खाना खाकर अंदर सो रहे थे। वहीं घर में उजाले के लिए दिया जलाकर रखा गया था और उसी दिए से घर में आग लग गयी। जब तक परिजनों को आग का पता चल पाता, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिसके बाद आग की आंच महसूस कर परिजनों की नींद खुली तो वो शोर मचाते हुए जान बचाकर बाहर भागे। इस बीच चीख पुकार सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। इसके बाद आग बुझाने में जुट गए और घण्टों की मेहनत के बाद रविवार की भोर करीब 5 बजे जाकर आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन अगलगी में बेटी की शादी के लिए रखे गए करीब 25 हजार रुपये नकदी सहित शादी में देने के लिए रखे गए बेड, फ्रिज, कूलर, पंखा, बिस्तर, कपड़े, टीवी, काफी मात्रा में अनाज, चारपाई समेत गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। इधर अपनी आंखों से पूरी गृहस्थी राख होते देख बेटी की तबियत काफी बिगड़ गयी तो परिजन उसे लेकर गम्भीर हाल में वाराणसी गए। इधर घर में सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद प्रधान पति प्रकाश बिंद मौके पर पहुंचे और आर्थिक मदद का भरोसा दिया। इसके बाद लेखपाल को बुलाकर नुकसान का आंकलन कराया। प्रशासन से मांग किया कि पीड़ित परिवार की मदद की जाए।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : आवारा गोवंशों का नहीं थम रहा उत्पात, डहरा कलां में बीच सड़क पर गोवंश से टकराकर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल
गाजीपुर : जिले के माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों में लगातार बढ़ रही योग के प्रति रुचि, पीजी कॉलेज की छात्रा ने किया रिसर्च >>