सिधौना : मंदिर में बैठने के स्थान के विवाद में अधेड़ की हत्या के प्रयास के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सिधौना। खानपुर पुलिस ने बीते दिनों मंदिर में बैठने की गद्दी को लेकर हुए आपसी विवाद में अधेड़ की हत्या करने की नीयत से उसे बुरी तरह से अधमरा करने वाले आरोपी को पुलिस ने बिछुड़ननाथ मंदिर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी के डंडे को भी बरामद किया। बीते 31 अगस्त को बभनौली कलां गांव निवासी जगदीश गिरी को जान से मारने की नीयत से जानलेवा हमला कर उसे अधमरा कर दिया गया था। खून से लथपथ जगदीश को फौरन अस्पताल ले जाया गया। वहीं जगदीश के परिजनों ने इस मामले में बताया कि जगदीश मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को फूल आदि देते थे, उसी से उनके परिवार का भरण पोषण होता था। आरोप लगाया कि बिछुड़ननाथ मंदिर में बैठने के उक्त स्थान को लेकर विपक्षी मुकेश गिरी आदि जगदीश से खार रखते थे और वो जगदीश को हमेशा जगह छोड़ने का दबाव बनाते थे, ताकि वो खुद उस जगह पर बैठ सकें। इस बीच 31 अगस्त को वो घर आए और जगदीश पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या का प्रयास किया और जब उन्हें लगा कि जगदीश की मौत हो चुकी है तो वो फरार हो गए। जिसके बाद जगदीश को फौरन अस्पताल ले जाया गया। इस मामले में परिजन की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में पुलिस ने आरोपी मुकेश गिरी को तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। वो वहां से औड़िहार जाकर ट्रेन पकड़कर अन्यत्र फरार होने की फिराक में था। टीम में एसआई कमल भूषण राय, कां. अविनाश कुमार व विजय यादव रहे।

