रेवतीपुर : 17 वर्ष के शुभम को दूसरे राज्य से घर तक खींच लाई मौत, गंगा की बाढ़ का शिकार बनने पर परिजनों में मचा हाहाकार

रेवतीपुर। थानाक्षेत्र के दक्षिणी सीवान में रविवार को गंगा में नहाने के दौरान किशोर की डूबकर मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह शव को ढूंढवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भोरिक राय पट्टी निवासी 17 वर्षीय शुभम गुप्ता पुत्र प्रेमसागर गुप्ता रविवार को अपने दोस्तों के साथ गंगा में नहाने के लिए गया था। इस दौरान गंगा में आई भीषण बाढ़ में वो कूदकर नहाने लगा और उसी में वो डूब गया। ये देख साथियों ने शोर मचाया और फिर परिजनों को सूचित किया। इधर परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीएसी की बाढ़ व राहत बचाव टीम के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू कराई। घंटों की मशक्कत के बाद उसका शव बरामद हुआ। जिसके बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। मृतक 3 भाईयों में दूसरे नंबर पर था और 12वीं में पढ़ता था। उसके शव से लिपटकर उसकी मां रोते हुए अचेत हो जा रही थी। ग्रामीणों ने बताया कि उसका काल ही उसे गांव में खींच लाया था। क्योंकि घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते शुभम अपने पिता के साथ दूसरे राज्य में निजी कंपनी में काम कर खर्च में सहयोग करता था। लेकिन उसकी तबीयत खराब थी तो वो कुछ ही दिनों पूर्व घर आया था और आज ये हादसा हो गया। सूचना पाकर पिता भी घर के रवाना हो गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

