सिधौना : शराब पीकर पत्नी के दिल में छूरा उतारकर हत्या करने वाला हत्यारा पति गिरफ्तार, छूरा बरामद

सिधौना। दो दिनों पूर्व शराब पीकर पत्नी के सीने में छूरा उतारकर हत्या करने वाले कलयुगी पति को पुलिस ने आखिरकार जेल भेज दिया। उसके पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त छूरा भी बरामद किया। दो दिनों पूर्व सौना चट्टी निवासी जलालुद्दीन उर्फ जालिम पुत्र स्व. इस्लाम शराब पीकर घर आया और किसी बात पर पत्नी रेहाना से झगड़ा करने लगा। इसके बाद उसने आव देखा न ताव, वहीं जानवर काटने के लिए रखा गया छूरा उठाया और रेहाना के सीने में दिल पर वार कर दिया। छूरा दिल में घुसा और तत्काल मौत के बाद वो वहीं कटे पेड़ की तरह गिर गई। इसके बाद हत्यारा पति वहीं बैठ गया। इधर मां की हत्या के बाद उसके बच्चे व उसकी ननद रोते बिलखते वहां पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं इस मामले में मृतका के पिता जौनपुर के चंदवक स्थित हीरापुर मच्छटी निवासी कमाल अख्तर ने आरोपी दामाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को जियापुर पुलिया से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर घर के बगल में स्थित झाड़ियों से छूरे को बरामद कर लिया।

