सिधौना : मुख्यमंत्री से मिले मंडल अध्यक्ष व पूर्व विधायक, की अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने व स्थिति सुधारने की अपील

सिधौना। क्षेत्र के सैदपुर पूर्वी के मंडल अध्यक्ष विजय यादव ने पूर्व विधायक भोनूराम सोनकर के साथ मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से प्रदेश मुख्यालय पर मिलकर सैदपुर के अस्पतालों की दशा सुधारने की मांग की है। गुरुवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में सीएम से मिलकर सैदपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की दुर्व्यवस्था को दूर कर बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग की। विजय यादव ने हॉस्पिटल में ऑक्सीजन प्लांट की बदहाली सहित आईसीयू बेड बढ़ाने और पैथोलॉजी में सुविधाएं बढ़ाकर अस्पताल चलाने की मांग की। साथ ही चिकित्सकों पर लापरवाही और निज सेवा को प्राथमिकता देने का मुद्दा भी उठाया। मुख्यमंत्री ने गाजीपुर जनपद के राजनीतिक माहौल की जानकारी लेने के साथ ही सैदपुर में राजनीतिक हलचल पर पैनी निगाह रखने का आश्वासन दिया। इस दौरान संगठन विस्तार और जनोपयोगी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय रहने का निर्देश दिया।

