सैदपुर : गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के स्वप्निल ने फिर रोशन किया जिले व एकेडमी का नाम, एक साल में दोबारा इंडियन टीम में हुआ चयन

सैदपुर। क्षेत्र के गैबीपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स अकादमी के होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी स्वप्निल सिंह का चयन एक बार फिर भारतीय ताइक्वांडो टीम में हुआ है। इस बार उन्हें 27 जुलाई से मलेशिया में आयोजित होने जा रही 6वीं एशियन ताइक्वांडो कैडेट चैम्पियनशिप के लिए भारतीय दल में शामिल किया गया है। इस उपलब्धि के बाद पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वप्निल का इसके पूर्व इसी वर्ष मई में यूएई (फुजेरा शहर) में आयोजित विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भी चयन हुआ था, जहाँ उन्होंने मेजबान यूएई व ईराक की टीम को कड़ी चुनौती दी थी, हालांकि वे पदक से थोड़ा पीछे रह गए थे। राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन और पिछली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके शानदार खेल के आधार पर उन्हें चंडीगढ़ स्थित इंडिया कैंप में दोबारा स्थान मिला। वहां चयन ट्रॉयल में 65 किग्रा भार वर्ग में देशभर के खिलाड़ियों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिसके आधार पर इंडिया ताइक्वांडो के चयनकर्ताओं ने उनके नाम पर अंतिम मुहर लगाई। बता दें कि स्वप्निल सैदपुर के माहपुर स्थित कैथवलिया निवासी अभय सिंह टन्नी के पुत्र हैं और वर्ष 2020 में उन्होंने गौतम स्पोर्ट्स अकादमी को ज्वाइन किया था। अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से वे कोच के चहेते खिलाड़ियों में अपना नाम दर्ज कराया, उन्होंने कम समय में कई राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक अर्जित किया। इस बाबत गौतम सेवा फाउंडेशन की अध्यक्ष उमा सिंह ने बताया कि स्वप्निल के नाम राज्य व राष्ट्रीय स्तर के अनेक पदक दर्ज हैं। हमें पूरा विश्वास है कि वे एशियन चैंपियनशिप मलेशिया में अंतरराष्ट्रीय पदक जीतकर हमारी संस्था, जिले और देश का नाम रोशन करेंगे।

