जमानियां : सड़क से दूर पेड़ के नीचे बैठकर बात करना भी हुआ गुनाह, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 4 को रौंदा, पूर्व फौजी की मौत

जमानियां। थानाक्षेत्र के ढढनी-ताजपुर मार्ग स्थित महुआरी मोड़ के पास रविवार की दोपहर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पेड़ के नीचे पूर्व फौजी समेत चार लोगों को रौंद दिया। जिसमें पूर्व फौजी की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक मौके से मय वाहन फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम व घायलों को इलाज के लिए भेजा। बेटावर गांव निवासी पूर्व फौजी 67 वर्षीय मंजू यादव, 20 वर्षीय सुदामा नाथ, 48 वर्षीय सरोज कुशवाहा व 60 वर्षीय महेंद्र यादव ढढनी-ताजपुर मार्ग स्थित महुआरी मोड़ के पास सड़क किनारे पेड़ के नीचे बैठकर बातें कर रहे थे। तभी जमानियां की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चारों को रौंदते हुए फरार हो गई। घटना में पूर्व फौजी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेजा। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद मृतक की पत्नी उर्मिला देवी सहित सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। वो अपने पीछे पत्नी समेत 4 बेटियां छोड़ गए हैं।

