जखनियां : वाराणसी से मऊ के बीच का प्रमुख व कमाऊ रेलवे स्टेशन होने के बावजूद यात्री सुविधाओं से वंचित है जखनियां, पेयजल के लिए भी तरस जाते हैं लोग

जखनियां। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर न तो शौचालय की समुचित व्यवस्था है, न ही पानी टंकी और न ही पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध है। सबसे समस्या दिन में महिलाओं को होती है। रात में ट्रेन से उतरने के बाद उनकी सुरक्षा के जीआरपी व आरपीएफ के पुलिसकर्मी नहीं होते। यात्रियों को प्रतीक्षालय मे बैठने की उचित व्यवस्था और साफ-सफाई की भी भारी कमी है। लंबे समय से स्टेशन की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। प्लेटफॉर्म पर न तो पर्याप्त रोशनी है। रात में बिजली नहीं रहने पर अंधेरा बना रहता है। बरसात के दिनों में तो हालत और भी बदतर हो जाती है। वहीं बारिश में प्लेटफॉर्म पर पानी जमा होने से यात्रियों को काफी दिक्कत होती है। स्थानीय यात्रियों ने कई बार डीआरएम से शिकायत की है लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यात्रियों सहित स्थानीय लोगों की मांग है कि स्टेशन पर जल्द से जल्द साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और बैठने की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। बता दें कि ये रेलवे स्टेशन वाराणसी मऊ के बीच का प्रमुख स्टेशन होने से यहां कई सीमावर्ती जनपदों के सैकड़ों यात्रियों का प्रतिदिन महानगरों के लिए आना-जाना होता है। सर्वाधिक आय वाला होने के बाद भी जखनियां जैसे व्यस्त स्टेशन पर मूलभूत सुविधाएं न होने से लोगों में आक्रोश है। जखनियां रेलवे स्टेशन को सुविधा संपन्न बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की लोगों ने मांग की है।

