जखनियां : किसानों के बेहतर भविष्य के लिए हुई शारदा सहायक नहर की खुदाई, चकमार्गों को खोदकर छोड़ देने से कई मौजे में आवागमन बाधित

जखनियां। क्षेत्र के हथियाराम गांव में नहर की खुदाई के दौरान गांव के संतोषपुर, डिहवां, मडै़या आदि मौजों मे जाने वाले चकमार्गों को खोदकर छोड़ दिया गया है। जिसके चलते अब ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि ये नहर बघाईं, राजापुर से हथियाराम गांव के पास बेसो नदी में मिलती है। ऐसे में नहर खुदाई करते समय चकमार्गों को खोदकर छोड़ दिया गया है। जिससे उक्त रास्ते से ग्रामीणों का आवागमन मुसीबतों से भर गया है। सबसे ज्यादा समस्या गांव के उन बच्चों को हो रही है, जो स्कूल जाते हैं। साथ ही बुजुर्गों, किसानों आदि को भी समस्या हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि नहर की खुदाई जरूरी तो है लेकिन प्रशासन ने वैकल्पिक रास्ते की कोई व्यवस्था ही नहीं की है। ऐसे में उन्हें खेतों के रास्ते या लंबे चक्कर लगाकर स्कूल, बाजार और अन्य जरूरी जगहों तक पहुंचना पड़ रहा है। राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि बरसात के दिनों में सुबह बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो गया है। कीचड़ और गड्ढों की वजह से बाइक और साइकिल से निकलना भी खतरे से खाली नहीं है। भरत यादव ने कहा कि मरीजों को अस्पताल ले जाने में परेशानी हो रही है। गांव के बूढ़ों को गांव से बाहर निकलना भी एक समस्या है। कहा कि शारदा सहायक नहर की खुदाई शुरू करने से पहले अस्थायी रास्ता बनाना चाहिए था। कहा कि नहर निर्माण कार्य से गांव को भविष्य में सिंचाई के लिए फायदा होगा, लेकिन फिलहाल बिना तैयारी के शुरू किए गए इस कार्य ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके और काम भी बाधित न हो।

