सादात : वीडियो कॉल पर पति से झगड़ा कर मायके में फंदे पर लटकी विवाहिता, मौत के बाद शव लेकर चले गए ससुराली


सादात। नगर के वार्ड पांच स्थित मायके में रह रही विवाहिता ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि उसने अपने पति से फोन पर झगड़ा करने के बाद इस घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बाद में ससुराल से आए लोग शव को लेकर चले गए। वार्ड 5 निवासिनी 19 वर्षीय निकिता प्रजापति की शादी करीब 14 माह पूर्व जौनपुर के गद्दी स्थित रतनूपुर निवासी दीपचंद प्रजापति के साथ हुई थी। दीपचंद मुंबई में रहकर निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। बीते कुछ दिनों से निकिता अपने मायके में ही रह रही थी। इस बीच बीती रात निकिता मोबाइल से अपने पति से बात कर रही थी। इसके बाद वीडियो कॉल होने लगा। उसी समय किसी बात पर पति से झगड़ा हुआ तो उससे निकिता इस कदर आहत हुई कि उसने घर में ही फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिजनों को पता चला तो उनमें कोहराम मच गया। सुबह ससुराल के लोग मौके पर पहुंचे और आपसी बातचीत के बाद बिना पुलिस को सूचना दिए शव को लेकर साथ चले गए, ताकि उसका अंतिम संस्कार किया जा सके।