नंदगंज : चलते टोटो के अंदर चालक की मिलीभगत से महिला संग 3 ने दिनदहाड़े की ऐसी वारदात कि मचा हड़कंप


नंदगंज। स्थानीय बाजार के मुख्य मार्ग पर रविवार को सड़क पर चलते टोटो के अंदर से दिनदहाड़े हौसलाबुलन्द तीन महिला उचक्कों ने दूसरी महिला से उसके सोने के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद आज पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। इसमें टोटो चालक की भी मिलीभगत की आशंका है। शादियाबाद के युसूफपुर खड़बा निवासी उर्मिला देवी रविवार की दोपहर एक बजे अपने ननिहाल बरहपुर जाने के लिये नंदगंज बाजार में आयी। मुख्य बाजार में पारस गली से 100 मीटर पहले सीताराम की दुकान के पास पेड़ की छाया में एक टोटो खड़ा था। उर्मिला ने तेज धूप के चलते टोटो चालक से बरहपुर चलने के लिए पूछा। जिस पर चालक तैयार हो गया। उसके चलते ही तीन महिला उचक्कियां भी आकर टोटो में बैठ गयी। इसके बाद तीनों आपस में अपने-अपने गहने की कीमत बताकर अपना जाल बिछाने लगी। इसके बाद उन्होंने पहले से बैठी उर्मिला से भी गहने की बात करते हुए उसका मंगलसूत्र तथा कनफूल भी निकलवा लिया। उसके बाद तीनों टोटो से पहाड़पुर जाने की बात कहकर उतरकर चली गयी। उन सभी के जाने के बाद टोटो चालक भी गाड़ी स्टार्ट करके चलने लगा। लेकिन वह बरहपुर जाने वाले मार्ग पर न जाकर उससे आगे बढ़ने लगा तो महिला ने कहा कि हमें बरहपुर जाना है तो टोटो चालक ने कहा कि हम बरहपुर नहीं जायेंगे। इसके बाद उसे वही उतारकर आगे पहाड़पुर की तरफ चला गया। टोटो से उतरते ही उर्मिला को आभास हो गया कि तीनों महिलाएं उसका गहना लेकर महिलाएं चली गयी हैं तो उर्मिला जोर-जोर से रोने लगी। लोगों के पूछने पर उसने पूरी बात बतायी। कुछ लोग आगे बढ़कर देखे भी लेकिन महिलाएं तथा टोटो चालक दिखाई नहीं दिया। उर्मिला ने बताया कि बरहपुर में सतिराम के यहां उसका ननिहाल है। रविवार को वहां शादी में जा रही थी। महिलाएं 50 हजार का चूना लगाकर फरार हो गयी। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सोमवार को पीड़िता द्वारा सूचना दी गयी, छानबीन जारी है।