लोस चुनाव में सक्रिय भूमिका के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं संग की गई गोष्ठी





नंदगंज। स्थानीय बाजार के शिव-साईं मंदिर पर क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का लोकसभा चुनाव के मद्देनजर "मतदाता जागरुकता" विषयक पर एक गोष्ठी आयोजित की गयी। वक्ताओं ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर अपना अपना विचार व्यक्त किया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए शिक्षक व पत्रकार विजय श्रीवास्तव ने कहा कि इस चिलचिलाती धूप में देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अच्छे उम्मीदवार का चयन करना बहुत ही जरुरी है। इसके लिये हम सभी को मतदान स्थल तक जाकर मताधिकार का प्रयोग करना होगा। ये हमारी नैतिक जिम्मेदारी तथा कर्तव्य भी है। हम सभी के एक एक वोट का राष्ट्र के निर्माण व विकास में महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने कहा कि हम चायपान तथा चट्टी चौराहों पर तो चुनावी चर्चा में खूब बढ़ चढ़ कर भाग लेते हैं लेकिन मतदान के दिन मतदान स्थल तक जाने में संकोच करते हैं। हमें अपने परिवार तथा पास पड़ोस के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करते हुए मतदान स्थल तक ले जाने की जरुरत है।इसके लिये वरिष्ठ लोगों को भी आगे आने की जरुरत है। बरहपुर ग्रामसभा के प्रधानपति मुन्ना सिंह ने कहा कि मतदान का प्रतिशत तभी बढ़ेगा, जब सभी के घर की महिलाएं मतदान स्थल तक जाएं। अधिकांश परिवार के लोग अपने तो चले जाते है लेकिन महिलाओं को भेजने तथा ले जाने में संकोच करते हैं जिसको दूर करना होगा। समाजसेवी शिवप्रसाद सिंह ने कहा कि मतदाताओं को जागरुक करने के लिये बुद्धिजीवियों के साथ साथ पढ़े लिखे युवाओं को भी पहल करने की जरुरत है। ग्राम प्रधान अर्चना सिंह ने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं गांव में जागरुकता लाकर महिलाओं को मतदान हेतु 19 मई को मतदेय स्थल तक लाएं। हम सभी दो मिनट का समय निकालकर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें तथा अन्य लोगों को भी मतदान हेतु प्रेरित करें। गोष्ठी में प्रेमचन्द वर्मा, अनिल वर्मा, अजय सिंह, विक्की, महेश बरनवाल, चंदन पांडेय, प्रेमलता, अनिल जायसवाल, राजेश सोनी तथा शकीला के साथ स्वयं सहायता समूह की कई महिलाएं उपस्थित रहीं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< महाराणा प्रताप की जयंती पर क्षत्रिय महासभा निकालेगा पूर्वांचल की सबसे बड़ी स्वाभिमान यात्रा
नेहरू, इंदिरा, राजीव के बाद अब राहुल लगा रहे गरीबी हटाओ, देश बचाओ का नारा, 55 सालों के अखंड शासन के बाद और कितना समय चाहिए कांग्रेस को - राजनाथ सिंह >>