सैदपुर : स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष का दिनदहाड़े पर्स काटकर 20 हजार रूपए किए गए गायब, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस


सैदपुर। क्षेत्र के अलायचक गांव में स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष का यूनियन बैंक के पास दिनदहाड़े पर्स काटकर उसमें से 20 हजार रूपए गायब कर दिए गए। जिसके बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने बैंक के कैमरे को चेक किया तो उसमें समूह की सचिव का पति उक्त महिला के इर्द गिर्द दिखा। इस बीच इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में फिर से विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों पक्ष बुधवार की दोपहर 12 बजे थाने पहुंचे। गांव निवासिनी किरन देवी पत्नी सुरेश राम जय भीम स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष हैं और समूह की सचिव गांव के पूर्व प्रधान प्रभुनाथ की बहू चंदा देवी पत्नी बबलू राम हैं। सोमवार को समूह का रूपया बैंक से निकालने के लिए अध्यक्ष किरन देवी, सचिव चंदा देवी व तेरसी देवी सैदपुर के यूनियन बैंक में आए थे। यहां खाते से 37 हजार रूपए निकालकर किरन ने उसमें से 17 हजार रूपए चंदा को दिए। बाहर निकलने के बाद चंदा व तेरसी चली गईं। इसके बाद मिलने पर चंदा ने किरन को बताया कि उनका पर्स किनारे से कटा हुआ है। किरन ने देखा तो पर्स से 20 हजार रूपए गायब थे। ये देखकर चंदा के होश उड़ गए। इसके बाद किरन ने थाने में तहरीर दी। जिसके बाद चौकी इंचार्ज मनोज पांडेय ने सीसीटीवी फुटेज देखा तो उसमें किरन अकेली जाती हुई दिखीं लेकिन उनके इर्द-गिर्द बबलू भी दिखा। इधर किरन ने आरोप लगाया कि उसका गांव के कोटे को लेकर चंदा से विवाद है। इसी वजह से बबलू ने इस घटना को अंजाम दिया है। इसी आरोप को लेकर अध्यक्ष व सचिव में बहस भी हुआ और दोनों पक्ष बुधवार को फिर से थाने पहुंचे। आरोप लगाया कि चंदा का पति बबलू उन्हें आसपास मंडराते हुए दिखा था। इस बाबत चौकी इंचार्ज मनोज पांडेय ने कहा कि महाशिवरात्रि होने की वजह से आज बैंक बंद है। गुरूवार को खुलेगा तो बैंक के बाहरी हिस्से का फुटेज चेक किया जाएगा। बताया कि पहले दिन चेक करने के दौरान कैमरे में किरन के इर्द गिर्द बबलू दिखा था। बहरहाल, कल जांच के बाद तस्वीर स्पष्ट होगी।