भाजपा के सदस्यता अभियान को गाजीपुर में धार देने पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष, कई बूथों पर जाकर बनाया सदस्य, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित





गाजीपुर। पूरे देश में चल रहे भाजपा के सदस्यता अभियान 2024 को गाजीपुर जिले में धार देने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी शुक्रवार को गाजीपुर पहुंचे और एक ही दिन में कई विधानसभाओं में जाकर सदस्यता अभियान चलाया। इस दौरान वो जंगीपुर के बिजौरा स्थित बूथ 18, अरखपुर स्थित बूथ 95, सदर के बबेड़ी स्थित बूथ 143, वंशीबाजार के विवेकानंद कॉलोनी स्थित बूथ 199, मोहम्मदाबाद के चकतहा स्थित बूथ 14, जहूराबाद के बहादुरगंज स्थित बूथ 79 पर पहुंचे। विवेकानंद कॉलोनी में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर प्रदेश अध्यक्ष व क्षेत्रीय अध्यक्ष ने माल्यार्पण किया। इसके बाद बूथ से जुड़े सभी घरों में प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे और लोगों से जनसंपर्क करके पार्टी की नीतियों को साझा किया और फिर उनसे 8800002024 पर मिस्ड कॉल कराते हुए हजारों लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। इसके बाद जिलाध्यक्ष सुनील सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठकों में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सदस्यता के नवीनीकरण के बाद से ही देश के चार चुनावी राज्य जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा को छोड़कर शेष सभी राज्यों में संगठन सदस्यता का काम तेजी से चल रहा है। इसके पहले चरण में बूथ स्तरीय सदस्यता का कार्य किया जा रहा है और ये 25 सितंबर तक चलेगा। बताया कि प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद 1 अक्टूबर से सामूहिक सदस्यता का अगला चरण प्रारंभ होगा, जिसमें सार्वजनिक स्थानों पर कैम्प लगाकर संगठन कार्यकर्ता लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि देश भर में संगठन ने 11 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसमें उत्तर प्रदेश से 3 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा एक सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी व समाज के सभी लोगों को लेकर चलने वाली लोकतांत्रिक पार्टी है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनैतिक दल के लोग सिर्फ अपने परिवार की विरासत को आगे बढ़ाने की राजनीति कर रहे हैं। जबकि भाजपा में समानता के साथ सबको आगे बढ़ने का समान अवसर प्राप्त है। कहाकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ विधि सम्मत व कठोर कार्यवाही हो रही है। कहा कि उत्तर प्रदेश की महान जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिल रहा है। आज हम अपने कार्यों के दम पर आप सबके बीच उपस्थित हैं। कहा कि समाज के हर वर्ग के लोग देश के हर क्षेत्र में सदस्य बन रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अब तक 60 लाख तथा देश भर में अब तक कुल 2 करोड़ लोग भाजपा से जुड़ चुके हैं। वहीं क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि आज गाजीपुर में खुद प्रदेश अध्यक्ष भाजपा के इस सदस्यता अभियान को गति देने तथा आप सभी से संवाद करने के लिए आए हैं। उन्होंने गाजीपुर के सभी धर्म, जाति, वर्ग, महिला, पुरुष, छात्र, युवा आदि का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा जैसे राष्ट्रीय राजनैतिक दल से जुड़ना गौरव का विषय है। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी व क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल का पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों, संबंधित मंडल के अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों व कार्यक्रम संयोजकों को पार्टी का पट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी वहां से वंशी बाजार निवासी बूथ अध्यक्ष के घर गए और वहां उनके युवा पुत्र के आकस्मिक निधन पर शोक प्रकट करते हुए परिजनों से अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। इस मौके पर जिला प्रभारी डॉ राकेश त्रिवेदी, राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत, एमएलसी विशाल सिंह, भानुप्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, पारसनाथ राय, अभिनव सिन्हा, शोभनाथ यादव, सरोज कुशवाहा, नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, राजन सिंह, ओमप्रकाश राय, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, सीता सिंह, विनोद खरवार, अखिलेश राय, अच्छेलाल गुप्ता, सुरेश बिंद, संकठा प्रसाद मिश्र, मनोज सिंह, धनेश्वर बिंद, राजदेव यादव, शैलेश राम आदि रहे। संचालन शशिकान्त शर्मा व रासबिहारी राय ने किया। आभार अवधेश राजभर ने ज्ञापित किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का हुआ चुनाव, लगातार चौथी बार निर्विरोध जिलाध्यक्ष बने दुर्गेश, ओंकारनाथ मंत्री
सैदपुर : तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिट्टी पर फिसली, दो युवक घायल >>